गेहूं, चना, सरसों और मसूर की तत्काल हो खरीदी
किसानों के खाते में कराया जाए भुगतान, वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से मुख्यमंत्री ने दिए निर्देश
भास्कर संवाददाता | मुरैना
गेहूं, चना, सरसों और मसूर की तत्काल खरीदी करने और किसानों के खातों में भुगतान राशि अविलंब जमा कराने के निर्देश मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने जिला कलेक्टरों को दिए हैं। बीती शाम वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए निर्देश देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होना चाहिए। आवश्यकता हो तो खरीदी केन्द्रों की संख्या बढ़ाई जाए। इस अवसर पर एनआईसी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कक्ष में संभाग आयुक्त एमके अग्रवाल कलेक्टर भास्कर लाक्षाकार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री ने कृषि समृद्धि योजना को किसानों के लिए ऐतिहासिक योजना बताते हुए कहा कि सात लाख से ज्यादा गेहूं उत्पादक किसानों और 2.82लाख धान उत्पादक किसानों के खातों में 1700 करोड़ रुपए से ज्यादा राशि दी जाएगी। यह राशि पिछले साल समर्थन मूल्य पर खरीदी गए 67लाख 21 हजार मैट्रिक टन गेहूं पर 200 रुपए प्रति क्विंटल अतिरिक्त रूप से दी जा रही है। उन्होंने कहा कि यह निर्णय किसानों के हित में लिया गया है। मुख्यमंत्री ने निर्देश देते हुए कहा कि किसानों के खातों का सत्यापन करवा लिया जाए ताकि उनके खातों में राशि देने में अड़चन नहीं आए। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से मुख्यमंत्री ने असंगठित श्रमिक कल्याण योजना पर भी चर्चा की उन्होंने जानकारी ली कि अभी तक कितने श्रमिकों का पंजीयन इस योजना के तहत किया जा चुका है।