पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • धारा 144 का पालन कराने व्यापारियों को दी नसीहत, खुद ही धज्जियां उड़ाता रहा प्रशासन

धारा 144 का पालन कराने व्यापारियों को दी नसीहत, खुद ही धज्जियां उड़ाता रहा प्रशासन

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
सिग्नल बस्ती के आंबेडकर पार्क में एक साथ माल्यार्पण करने पहुंचे लोग। मौजूद पुलिसकर्मियों ने उन्हें रोका तक नहीं।

300 बसों के पहिए थमे रहे, ट्रकों में बैठकर की यात्रा
आंबेडकर जयंती पर किसी प्रकार का कोई उपद्रव नहीं हो इसके लिए परिवहन विभाग ने शनिवार को यात्री वाहनों के संचालन पर रोक लगा दी थी। प्रतिबंध के चलते मुरैना से ग्वालियर, सबलगढ़, श्योपुर, धौलपुर व अंबाह-पोरसा, भिंड के लिए 300 बसों का संचालन नहीं हो सका। इस कारण सुबह 5 बजे से लेकर रात 9.30 बजे तक पांच हजार से अधिक यात्री सुविधाजनक सफर नहीं कर पाए। कुछ लोगों ने लोडिंग वाहनों में बैठकर अपनी यात्रा पूरी की। वहीं ऑटो व ई-रिक्शा को भी शहर में प्रतिबंधित किया गया था। कुछ ऑटो रिक्शा वाले गली-मौहल्लों से निकलकर एमएस रोड पर आए। इन ऑटो व ई-रिक्शा को चौराहों व तिराहों पर तैनात पुलिस कर्मचारियों ने रोक लिया और सवारियों को बीच में उतरवा कर ऑटो रिक्शा को वापस कर दिया।

टाउन हॉल में प्रशासन ने आंबेडकर जयंती मनाई। यहां स्कूल के बच्चों और कर्मचारियों को इकट्‌ठा किया।

प्रशासन ने हॉल में जुटाई भीड़
आंबेडकर जयंती के मौके पर जिला प्रशासन ने टाउन हॉल में कार्यक्रम का आयोजन किया। लेकिन समस्या यह रही कि यहां भीड़ कैसे जुटाई जाए तब अधिकारियों के निर्देश पर अभ्युदय आश्रम की छात्राएं, मूक-बधिर छात्रावास के बच्चे, वृद्धाश्रम के बुजुर्ग समेत विभिन्न विभागों के कर्मचारियों को बुलाकर मंच के सामने बिछाईं कुर्सियों पर बिठा दिए। भीड़ अधिक हो इसलिए अधिकारियों ने तय किया था कि टाउनहॉल में प्रवेश से पहले कर्मचारियों की उपस्थिति दर्ज की जाए। इसलिए कर्मचारियों को मजबूरी में टाउनहॉल के गेट पर भीड़ के बीच खड़े होकर अपनी उपस्थिति भी दर्ज करानी पड़ी।

इंटरनेट बंद होने से परेशान रहे लोग
प्रशासन की मांग पर सरकार ने शुक्रवार की दोपहर 3 बजे इंटरनेट सेवा बंद कर दी थी। हालांकि ब्राडबैंड चालू रहे। प्राइवेट कंपनियों की नेट सर्विस बंद होने से लाखों लोग परेशान रहे। क्योंकि स्मार्टफोन पर वाट्सएप के माध्यम कई तरह की महत्वपूर्ण जानकारियों का आदान-प्रदान नहीं कर पाए। इंटरनेट सेवा बंद होने से शहर के 40 एटीएम बंद रहे। वहीं मोबाइल से मनी ट्रांसफर की सुविधा भी लोगों को नहीं मिल सकी।

हैलो...मैं डीईओ सत्यार्थी बोल रहा हूं भीड़ कम है कुछ कर्मचारी भेजो
हैलो....दोनेरिया....मैं सत्यार्थी बोल रहा हूं। अरे अपने स्टाफ के कुछ लोगों को टाउनहॉल में भिजवा दो, वहां प्रशासन जयंती मना रहा है। भीड़ बढ़ाने की आवश्यकता है। जिला शिक्षा अधिकारी आरजे सत्यार्थी अपने मोबाइल से कॉल करके यह निर्देश देना तो गर्ल्स स्कूल के प्राचार्य बीआर दौनेरिया को चाह रहे थे। लेकिन गलती से कॉल दैनिक भास्कर संवाददाता के मोबाइल पर लगा दिया और भीड़ जुटाने के लिए कर्मचारी भेजने के निर्देश दे डाले। बाद में उनसे कहा गया कि आपने दैनिक भास्कर संवाददाता को कॉल किया है तो वह हंसकर बात टाल गए और फोन कट कर दिया। इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि सभी विभागों के कर्मचारियों की भीड़ बनाकर टाउनहॉल में बिठाया और धारा-144 की धज्जियां उड़ाईं।

खबरें और भी हैं...