थाने के पास सराफा दुकान से 65 हजार के जेवर पार
नकबजनी की वारदात को शुक्र-शनिवार की रात अंजाम दिया गया
भास्कर संवाददाता | दिमनी (मुरैना)
दिमनी कस्बा में थाने के सामने संचालित राजकुमार सोनी के प्रतिष्ठान श्रीकैलादेवी ज्वैलर्स में बीती रात चोरी हो गई। चोरों ने दुकान में लगे एक ताले को तोड़ा और दुकान के अंदर रखी अलमारी को निकालकर 500 मीटर दूर खेत में ले गए। बदमाशों ने अलमारी को खोलकर उसमें रखे चांदी की अंगूठियां, बिछिया, पायल व सोने की बिंदियों को निकाला और अपने साथ ले गए।
दुकानदार राजकुमार के मुताबिक, नकबजनी में 65 हजार रुपए कीमत का माल चोरी गया है। शनिवार की सुबह छह बजे अलमारी एक खेत में पड़ी मिली। दुकान का टूटा हुआ ताला भी दुकान के अंदर रखा मिला। हैरत की बात यह है कि बदमाशों ने नकबजनी को थाने के ठीक सामने अंजाम दिया।