एसएएफ क्वार्टरों को बिना तोड़े कराया जाएगा वीआईपी रोड का निर्माण
वीआईपी रोड के निर्माण में अब पुलिस के क्वाटरों को नहीं तोडा जायेगा।
पुनर्विचार हुआ तो सीधा करेंगे सड़क
नगरनिगम अधिकारियों ने यह भी कह दिया है कि अभी तक पुलिस हाउसिंग बोर्ड ने इस्टीमेट पर कोई पुनर्विचार नहीं किया है। सड़क निर्माण में देरी न हो इसलिए सड़क को थोड़ा मोड़ते हुए बनाया जाएगा। जब पुलिस हाउसिंग बोर्ड निर्माण राशि को कम करेगा तो उस हिस्से में सड़क बनाकर वीआईपी रोड से जोड़ दिया जाएगा। अधिकारियों का कहना है पुलिस हाउसिंग बोर्ड ने 2 करोड़ 80लाख रुपए मांगे हैं और हमारे अनुसार नए क्वार्टर डेढ़ करोड़ रुपए में बनाए जा सकते हैं और क्वार्टर बनाने के लिए प्रशासन द्वारा जमीन पहले ही आवंटित कर दी गई है।
सड़क को मोड़ते हुए निर्माण कराया जाएगा
पुलिस हाउसिंग बोर्ड ने दो करोड़ 80 लाख रुपए नए क्वार्टरों के निर्माण हेतु मांगे थे। हमने पुनर्विचार का आग्रह किया लेकिन कोई जवाब नहीं मिला है। इसलिए सड़क को मोड़ते हुए निर्माण कराया जाएगा। डीएस परिहार, आयुक्त नगरनिगम मुरैना
तीन किमी लंबाई में होना है सड़क निर्माण
वीआईपी रोड तीन किमी लंबी बनाई जाएगी जो बिस्मिल चौराहे से कोतवाली के बगल व संजय कालोनी होते हुए एसपी ऑफिस के बगल से होकर नेशनल हाईवे से जुड़ेगी।
सड़क की कुल चौड़ाई 18मीटर होगी। जिसमें 7-7मीटर की सड़क, एक मीटर का डिवाइडर व सड़क के दोनों ओर 1.5मीटर के कवर्ड नाले और फुटपाथ बनाए जाएंगे।
सड़क निर्माण के लिए नगरनिगम अभी तक उन पेड़ों को हटवा चुकी है जो निर्माण में बाधा थे इसके अलावा सिटी कोतवाली की बाउंड्री व अन्य अतिक्रमण को भी साफ करा लिया गया है और कुछ निर्माण भी हो गया है।
वीआईपी रोड निर्माण से यह लाभ
शहर से नेशनल हाईवे तक पहुंचने के लिए अभी एकमात्र एमएस रोड है। इस कारण यहां वाहनों का अत्यधिक दबाव रहता है और ट्रैफिक जाम के हालात बनते हैं। वीआईपी रोड बनने के बाद ग्वालियर की ओर आवागमन करने वाले वाहन इस रास्ते से आसानी से निकलकर हाईवे तक पहुंच सकेंगे। इस कारण काफी ट्रैफिक डायवर्ड होगा और एमएस रोड से ट्रैफिक दबाव कम हो जाएगा। इसी मंशा के साथ वीआईपी रोड बनाने का खाका खींचा गया था।