निर्दोष लोगों पर दर्ज मामले हों वापस
निर्दोष लोगों पर दर्ज मामले हों वापस
मुरैना| बहुजन समाज पार्टी ने राज्यपाल के नाम एक ज्ञापन जिला प्रशासन को सौंपा। ज्ञापन में कहा गया है कि दो अप्रैल में हुई घटना में पुलिस ने निर्दोष लोगों पर भी मामले दर्ज कर लिए हैं। एक ही व्यक्ति के विरुद्ध एक ही दिन में एक से अधिक थानों में एफआईआर दर्ज की गई है। इस बिंदु की जांच की जाए। ज्ञापन के जरिए मांग की गई कि निर्दोष लोगों पर दर्ज मामले वापस लिए जाएं और दोषी अधिकारी, कर्मचारियों के विरुद्ध कार्रवाई हो। ज्ञापन सौंपने वालों में पीएस मंडेलिया, मुकेश अहिरवार, विधायक सत्यप्रकाश, विधायक बलवीर सिंह दंडौतिया, मनीराम धाकड़, रमाकांत पिप्पल, भीमसेन पहाडिय़ा, राकेश कुमार आदि मौजूद रहे।
जीवाजीगंज से शिफ्ट नहीं हुई खाद-बीज की दुकानें
मुरैना| जीवाजीगंज से खाद-बीज की दुकानें हटाने के निर्देश पूर्व कलेक्टर विनोद शर्मा ने जारी किए थे। लेकिन इस आदेश पर अभी तक अमल नहीं हुआ। कहा गया था कि जीवाजीगंज में संचालित दुकानों को कृषि उपज मंडी में शिफ्ट किया जाए ताकि जीवाजीगंज में ट्रैफिक जाम के हालात निर्मित न हो। खाद-बीज की दुकानें जीवाजीगंज में संचालित होने से राहगीर परेशान हो रहे हैं। क्योंकि किसान ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर दुकानों पर आते हैं और खरीददारी के दौरान काफी देर तक ट्रैक्टर सड़क पर ही खड़े रहते हैं जिससे ट्रैफिक जाम होता है और हादसे की आशंका भी बनी रहती है।
ओवरलोड सवारियां भरकर दौड़ रहे वाहन, नहीं होती कार्रवाई
मुरैना| ओवरलोड सवारियां भरकर दौड़ने वाले वाहनों पर कार्रवाई सुनिश्चित नहीं हो पा रही। ट्रैफिक पुलिस का इस ओर कोई ध्यान नहीं है। ऑटो रिक्शा, टैम्पो व टाटा मैजिक में ओवरलोड सवारियां भरी जा रही है। शहर के अलावा नेशनल हाईवे व अंबाह-पोरसा मार्ग पर ओवरलोड वाहन देखे जा रहे हैं। इन वाहनों के अंदर सवारियां बैठने के अलावा गेट पर भी सवारियों को लटका लिया जाता है। जिससे हादसे की आशंका बनी रहती है। ऐसे वाहन पुलिस कर्मचारियों के सामने से ही गुजरते हैं लेकिन उन पर कार्रवाई सुनिश्चित नहीं की जाती।
रेलवे स्टेशन गेट पर लग रहा जाम
मुरैना| रेलवे स्टेशन गेट पर ट्रैफिक जाम की समस्या हर समय बनी रहती है। यहां ऑटो रिक्शा बेतरतीब तरीके से सवारियों के इंतजार में खड़े रहते हैं। इस कारण राहगीरों के निकलने के लिए जगह नहीं बचती। लोग घंटों तक जाम में फंसे रहते हैं। खास बात यह है कि रेलवे स्टेशन गेट से दस कदम की दूरी पर स्टेशन रोड थाना है। लेकिन यहां तैनात पुलिस कर्मचारी इस समस्या को अनदेखा कर देते हैं। ट्रैफिक पुलिस के जवान भी यहां तैनात नजर नहीं आते। इस कारण राहगीरों को परेशानी से जूझना पड़ रहा है।
कलेक्टोरेट परिसर बना अघोषित पार्किंग स्थल
मुरैना| कलेक्टोरेट परिसर अघोषित वाहन पार्किंग स्थल बन गया है। यहां दिन भर वाहनों का जमावड़ा रहता है। हालांकि गेट पर पार्किंग स्थल बनाया गया है। लेकिन लोग पिछले गेट से अपने वाहनों को लेकर कलेक्टोरेट में प्रवेश करते हैं। बाजार में खरीददारी करने आने वाले लोग अपने वाहनों को यहां रखकर बाजार में निकल जाते हैं। जिससे लोगों को निकलने के लिए भी जगह शेष नहीं बचती। कलेक्टोरेट में जहां वाहनों का जमावड़ा रहता है। यहां कलेक्टर सहित अन्य अधिकारी भी रहते हैं। लेकिन वह इस अव्यवस्था की ओर ध्यान नहीं दे रहे।
ओवर ब्रिज पर हो रहे गड्ढे
मुरैना| ओवरब्रिज गड्ढो में तब्दील हो रहा है। इस कारण वाहन चालकों को परेशान होना पड़ रहा है। इस ब्रिज से दिन भर भारी वाहनों का आवागमन होता है। बस, ट्रकों के अलावा कार व दुपहिया वाहन यहां से भारी तादाद में निकलते हैं। सड़क पर गड्ढे हो के कारण वाहन कई बार अनियंत्रित हो जाते है जिससे दुर्घटनाओं का अंदेशा बना रहता है। ब्रिज की इस सड़क का मेंटेनेंस कराए जाने की मांग लोगों ने कई बार अधिकारियों से की है लेकिन इस ओर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। ओवरब्रिज न केवल फाटक बाहर इलाके को शहर से जोड़ता है बल्कि अंबाह-पोरसा की ओर जाने का भी यह रास्ता है। इस लिहाज से यह मार्ग अत्यंत महत्वपूर्ण लेकिन इसे सुधारने पर किसी का ध्यान नहीं है।
कब्रिस्तान रोड पर हो रहा जलभराव
मुरैना| शहर की कब्रिस्तान रोड पर जलभराव हो रहा है जिससे लोग परेशान हैं। नालियां चौक होने के कारण गंदा पानी उफनकर सड़क पर आ रहा है। पानी जमा होने के कारण उसकी सड़ांध से लोगों का जीना मुहाल बना हुआ है। साथ ही पानी में मच्छर पनप रहे हैं जिससे लोग परेशान हैं और संक्रमण का खतरा बना हुआ है। इस समस्या को लेकर लोगों ने कई बार लिखित व मौखिक शिकायत नगरनिगम अधिकारियों से की है लेकिन इस ओर ध्यान नहीं दिया जा रहा।