सिंचाई के लिए 5 करोड़ खर्च करेगी सरकार: सिंह
स्वास्थ्य मंत्री बोले- तीन लाख हेक्टेयर में उगाई जा सकेंगी फसल
भास्कर संवाददाता | मुरैना
गेहूं उत्पादन के क्षेत्र में प्रदेश, देश का पहला राज्य बन चुका है। इस उपलब्धि के कारण मध्यप्रदेश को पांचवीं बार कृषि कर्मड पुरस्कार से नवाजा गया है। कृषि उत्पादन बढ़ाने के लिए सरकार पांच करोड़ रुपए से तीन लाख हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई सुविधा का विस्तार और करेगी। यह बात स्वास्थ्य मंत्री रुस्तम सिंह ने कही।
स्वास्थ्य मंत्री सिंह, आंचलिक कृषि अनुसंधान केंद्र में किसान समृद्धि योजना के तहत आयोजित सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि चंबल-ग्वालियर संभाग में इस समय सात लाख 70 हजार हेक्टेयर क्षेत्र में विभिन्न माध्यमों से सिंचाई की जा रही है। सरकार इस पर पांच करोड़ रुपए व्यय करेगी। मंत्री सिंह ने कहा कि आपदा के मामले में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने फसल के नुकसान की राशि को बढ़ाकर एक हेक्टेयर में 30 हजार रुपए कर दिया है। फसल बीमा का लाभ किसान को अलग से मिलेगा। उन्होंने कहा कि किसानों के लिए यह वरदान है कि सीएम ने 2016-17 में बेचे गेहूं के एवज में 7337 किसानों को प्रति क्विंटल 200 रुपए के मान से 11 करोड़ 42 लाख रुपए का लाभांश उनके खातों में ट्रांसफर करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। उन्होंने कहा कि फसल बेचने के लिए अब बानमोर के किसानों को मुरैना आने की जरूरत नहीं है। बानमोर को तहसील का दर्जा मिलने के बाद वहां स्थानीय मंडी में भावांतर योजना की जिंसों की खरीद की जाएगी। कार्यक्रम में जौरा विधायक सूबेदार सिंह रजौधा, सुमावली विधायक सत्यपाल सिकरवार प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।