स्वीकृति मिलने के एक साल बाद भी शुरू नहीं हुआ निर्माण
पुरानी हाउसिंग कॉॅलोनी व बैरियर क्षेत्र में नहीं बनाए सब्जी मंडी के प्लेटफार्म
भास्कर संवाददाता | मुरैना
पुरानी हाउसिंग कालोनी सहित बैरियर क्षेत्र सहित अन्य स्थानों पर खेरीज सब्जी मंडी के दो प्लेटफार्म बनवाए जाने थे। लेकिन नगर निगम ने उनका निर्माण स्वीकृति के एक साल बाद भी नहीं कराया है। इससे लोगों को सब्जी खरीदने के लिए दत्तपुरा तक जाना पड़ रहा है।
नगर निगम ने शहर में पांच स्थानों पर सब्जी मंडी के पांच प्लेटफार्म बनवाने का निर्णय लिया था। तत्कालीन निगमायुक्त रूपेश उपाध्याय ने अपनी पदस्थापना के दौरान संजय कॉॅलोनी में दो व फाटक बाहर क्षेत्र में एक प्लेटफार्म का निर्माण करा दिया। लेकिन उसके बाद पुरानी हाउसिंग कॉॅलोनी व जौरा रोड पर दो प्लेटफार्म के निर्माण कार्य अब तक शुरू नहीं हुए हैं। सब्जी मंडी प्लेटफार्म बनाने के लिए कमिश्नर कॉॅलोनी में आरआई आवास के पास खाली जमीन को चिह्नित किया गया था। उस जमीन पर पशुपालकों ने अतिक्रमण कर लिया लेकिन नगर निगम ने सब्जी मंडी प्लेटफार्म बनाने का काम शुरू नहीं किया है।
इस तरह से दूर हो सकती हैं दुकानदारों की समस्याएं:बैरियर स्थित प्राइवेट बस स्टैंड परिसर में संचालित सब्जी मंडी को नगर निगम वहां से हटाना चाहता है। इससे सब्जी मंडी के 30 से अधिक दुकानदार परेशान हैं। निगम प्रशासन उन दुकानदारों को नई जगह आबंटित नहीं कर रहा है। प्रस्तावित दो सब्जी मंडी प्लेटफार्म बन जाते तो उन पर दुकानदारों को शिफ्ट किया जा सकता था।