ऑपरेशन कर घायल महिला के जबड़े से निकाली गोली
मंगलवार को महिला को गोली मारकर पर्स लूटा था
भास्कर संवाददाता | मुरैना
बदमाशों की गोली से घायल अंजलि शर्मा के जबड़े से बुधवार को गोली निकाल ली गई है। ग्वालियर के एक हॉस्पीटल में ऑपरेशन के बाद महिला की हालत स्थिर तो है लेकिन डाक्टर ने दो महीने तक मुंह से खाने व बोलने पर रोक लगा दी है। लूट की घटना के बाद पुलिस को एक ढावा से जो फुटेज मिले हैं उनके धुंधले होने के कारण पुलिस आरोपियों तक नहीं पहुंच पा रही है।
ग्वालियर के सहारा हास्पीटल में घायल अंजलि शर्मा का ऑपरेशन हो चुका है। डाक्टर ने जबड़े में फंसी गोली को निकाल दिया है। लेकिन जबड़े में फेक्चर के कारण प्लेट लगाना पड़ी है। इस हाल में अंजलि को आगामी दो महीने तक अधिक बोलने से मना किया गया है। उसे द्रव्य भोजन भी नली से दिया जाएगा। महिला के भाई शिवम शर्मा का कहना है कि ऑपरेशन पर लगभग एक लाख रुपए व्यय हो गए हैं। उल्लेखनीय है कि मंगलवार को अंबाह से मुरैना आते समय अपाची सवार तीन बदमाशों में से एक ने लूट के इरादे से अंजलि के मुंह में गोली मार दी थी।