भात देकर लौट रहे युवक को ट्रक ने कुचला, मौत
नेशनल हाईवे पर हुई घटना, ट्रक चालक ट्रक सहित मौके से फरार
भास्कर संवाददाता | बानमोर (मुरैना)
भात देकर बाइक से घर लौट रहे युवक को एक ट्रक ने कुचल दिया। जिससे युवक की घटना स्थल पर ही मौत हो गई। घटना एबी रोड पर मंगल-बुधवार की दरम्यानी रात हुई। घटना के बाद ट्रक चालक ट्रक लेकर मौके से भाग जाने में सफल हो गया। मृतक के चाचा सतीश कुमार की रिपोर्ट पर से अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
सतीश कुमार किरार निवासी जिगसोली पुरानी छावनी ने बताया कि वह अपने भतीजे अजय सिंह तथा ज्ञान सिंह के साथ मंगलवार को मुरैना आए थे। तीनों लोग बाइक से मुरैना पहुंचे यहां उन्हें भात देना था। शाम के समय भात का कार्यक्रम निपट जाने के बाद तीनों लोग बाइक पर सवार होकर पुरानी छावनी की ओर निकले। बानमोर से थोडा सा आगे निकलकर बाइक पंक्चर हो गई तो सतीश कुमार सडक किनारे आ गए और अजय बाइक के पहिए को देख रहा था। इसी दौरान मुरैना की ओर से तेज गति से आए एक ट्रक ने अजय को कुचल दिया।