- Hindi News
- National
- पोरसा में साढ़े पांच लाख व महुआ क्षेत्र में 8.65 लाख रुपए की चोरी, बदमाश बेसुराग
पोरसा में साढ़े पांच लाख व महुआ क्षेत्र में 8.65 लाख रुपए की चोरी, बदमाश बेसुराग
नकबजनी के लिए सूने घरों को निशाना बनाया
भास्कर संवाददाता | पोरसा (मुरैना)
पोरसा कस्बे की पुरानी बस्ती में सूने घर के ताले चटकाकर बदमाश एक मकान में रखे नकद पांच लाख रुपए व 50 हजार रुपए से अधिक कीमत का सामान समेट ले गए। उधर दूसरी ओर महुआ क्षेत्र के हमीरपुरा में तीन घरों से चोर आठ लाख 65 हजार रुपए के जेवर व नकदी ले गए। पोरसा व महुआ पुलिस ने नकबजनी के मुकदमे दर्ज किए हैं।
पोरसा की पुरानी बस्ती में रहने वाले संजय खां पुत्र उस्मान खां पेंटर, मंगलवार को गोद भराई के कार्यक्रम में शामिल होने अपनी बुआ के यहां फूप चले गए थे। सूना घर पाकर बदमाशों ने मेनगेट का ताला तोड़ा और घर में रखे नकद पांच लाख रुपए, दो एलईडी, दो सीलिंग फेन अादि सामान समेट ले गए। संजय खां, बुधवार की सुबह 10 बजे लौटकर पोरसा आए तब उन्हें चोरी का पता चला।
महुआ: तीन घरों में चोरी, 10 तोला सोना, 900 चांदी ले गए
मंगल-बुधवार की रात महुआ क्षेत्र के हमीरपुरा में विनोद सिंह तोमर के घर से चोर, 10 तोला बजनी सोने के जेवरात व 900 ग्राम बजनी चांदी के आभूषण लॉकर तोड़कर ले गए। घटना के समय गृह स्वामी विनोद सिंह तोमर व उनकी प|ी रूपा देवी घर के बाहर तीन भैंसों की रखवाली के लिए सो रहे थे। चोरी गए सामान की कीमत चार लाख रुपए बताई गई है। इसी गांव में बदमाशों ने यशपाल तोमर के घर से नकद 65000 रुपए, सोने की झुमकी, सोने की जंजीर, पांच पैंडल की जंजीर व अंगूठी ले गए। चोरी गए जेवरात की कीमत डेढ़ लाख रुपए से अधिक आंकी गई है। चोरों ने अतर सिंह सखवार के घर में रखे नकद 2.65 लाख रुपए पार कर दिए। बदमाश, पास के ही गांव एडीमाल का पुरा में चोरी करने पहुंचे और वहां उन्होंने रविन्द्र सिंह तोमर के पेंट की जेब में रखे 300 रुपए व भारत सिंह सिकरवार के घर के बहू के कीमती कपड़े पार कर दिए।