बीएसएनएल के 61 मोबाइल टॉवर बंद
अंचल में नेटवर्क की समस्या से ग्राहक परेशान
भास्कर संवाददाता | मुरैना
निजी टेलीकॉम कंपनियां जहां 4 जी सेवा लांच कर चुकी हैं वहीं भारत संचार निगम मुरैना,श्योपुर व भिंड जिले में बंद 61 वीटीएस को सालभर में चालू नहीं करा सका है। इसके चलते लोगों को बीएसएनएल की मोबाइल फोन सेवा का लाभ नहीं मिल पा रहा है। बीएसएनएल के मुरैना स्थित सेकंडरी स्विच एरिया को बीते चार साल से बजट कम मिल रहा है। बजट में कटौती का कारण है कि खर्चा एक करोड़ रुपए का तो आय 60 लाख रुपए तक सीमित होकर रह गई है। इस हाल में बीएसएनएल के सीएमडी ने कहा दिया है कि जो एसएसए जितना कमाएगा उसे उतना ही पैसा खर्च करने के लिए दिया जाएगा। बजट में कटौती का असर बीएसएनएल की मोबाइल सेवाओं पर पड़ा है। चंबल संभाग के तीन जिलों मुरैना, भिंड व श्योपुर के ग्रामीण अंचल में बीएसएनएल की वीटीएस दो साल साल से बंद पड़े हैं। वीटीएस बंद होने के कारण बीएसएनएल की सिम यूज करने वाले लोगों को मोबाइल पर संवाद करने के लिए सिग्नल नहीं मिल पा रहे हैं। मजबूर होकर लोग अन्य कंपनियों की सिम यूज कर रहे हैं।
वीटीएस चलाने के लिए डीजल उपलब्ध नहीं: बंद पड़े मोबाइल टॉवर चालू करने के लिए डीजल की जरूरत होती है लेकिन बीएसएनएल द्वारा बजट नहीं देने से डीजल की सप्लाई नहीं हो पा रही है। चूंकि बिजली कम मिल रही है इसलिए मोबाइल टॉवर की बैटरी भी चार्ज नहीं हो पा रही हैं।