आग से 20 क्विंटल गेहूं जला लाइनमैन को बंधक बनाया
पोरसा क्षेत्र के रन्हेरा गांव की घटना
भास्कर संवाददाता | पोरसा (मुरैना)
रन्हेरा गांव में बिजली लाइन में फॉल्ट के बाद नीचे गिरी चिंगारी से खेत में रखा 20 क्विंटल से अधिक जल गया। घटना मंगलवार दोपहर की है। इस घटना के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने बिजली कंपनी के लाइनमैन रामौतार राठौर को जिम्मेदार मानते हुए बंधक बना लिया। लाइनमैन दो घंटे तक बंधक रहा। बाद में पुलिस ने उसे मुक्त कराया।
धर्मगढ़ फीडर के लाइनमैन रामौतार राठौर मंगलवार को रन्हेरा गांव के हार में बिजली के ट्रांसफार्मर पर संधारण कार्य कर रहे थे। यह ट्रांसफार्मर श्रीकृष्ण सखवार के खेत में ही लगा है जहां उनकी गेहूं की फसल काटकर रखी गई थी।
लाइनमैन बिजली की लाइन ठीक कर रहा था, तभी जोरदार फॉल्ट हुआ जिसकी चिंगारी गेहूं के खेत में जा गिरी और गेहूं ने आग पकड़ ली। थोडी ही दूर में ही 20 क्विंटल से अधिक गेहूं जलकर नष्ट हो गया। इससे गुस्साए ग्रामीणों ने लाइनमैन रामौतार राठौर को पकड़कर उसे हड़काया और बंधक बना लिया। दो घंटे तक लाइनमैन को बंधक बनाने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर उसे छुड़ाया।