सहालग के चलते बाजार में उमड़ी भीड़
सहालग के चलते बाजार में उमड़ी भीड़
मुरैना| शहर के प्रमुख बाजारों में इन दिनों खासी भीड़ उमड़ रही है। सहालगों के चलते आस-पास के ग्रामीण क्षेत्रों से लोग खरीददारी के लिए बाजार में पहुंच रहे हैं। लेकिन यहां व्यवस्थाएं सुनिश्चित नहीं की जा रही है। लोग वाहन लेकर बाजार में आते हैं जिससे ट्रैफिक जाम के हालात निर्मित हो जाते हैं। जिसके चलते खरीददारी करने आने वाले लोगों को परेशान होना पड़ रहा है। व्यापारियों ने भी कई बार बाजारों को व्यवस्थित करने की मांग रखी है लेकिन अधिकारी ध्यान नहीं दे रहे।
डिवाइडर तोड़कर बनाया रास्ता नहीं करा रहे बंद
मुरैना| एमएस रोड पर नेहरू पार्क के सामने किन्हीं लोगों ने डिवाइडरों को तीन स्थानों पर तोडकर रास्ता बना लिया है। इससे वाहनों का आवागमन हो रहा है। लेकिन नगरनिगम ने इन डिवाइडर क्रॉसिंग को बंद नहीं कराया है इस कारण हादसे की आशंका बनी हुई है। यहां जेल रोड के सामने पहले से ही डिवाइडर क्रॉसिंग बनी है लेकिन इसके बगल से तीन स्थानों पर लोगों ने डिवाइडर तोड दिया है और काफी समय से वहां से होकर वाहन निकल रहे हैं। आए दिन हादसे भी होते हैं लेकिन नगरनिगम अधिकारी इस ओर ध्यान नहीं दे रहे।
दिव्यांग के लिए नहीं बन सका रैंप
मुरैना| रेलवे स्टेशन पर दिव्यांग के लिए रैंप नहीं बन सका है। बार-बार मांग किए जाने के बाद भी रेलवे अधिकारी इसे अनदेखा कर रहे हैं। रैंप न बनने से यात्रा के लिए रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म तक पहुंचने के लिए दिव्यांग को सीढिय़ां चढ़ने को मजबूर होना पड़ रहा है। सीढिय़ों चढ़ते समय कई बार वह फिसलकर घायल हो जाते हैं। लेकिन अधिकारी इस ओर ध्यान नहीं दे रहे। समाजसेवियों ने भी रैंप बनवाने के लिए रेलवे अधिकारियों से निरीक्षण के समय कई बार मांग रखी है। अधिकारियों द्वारा आश्वासन तो दिया जाता है लेकिन इस दिशा में कार्रवाई नहीं हो रही।
फाटक बाहर क्षेत्र में सड़क पर लग रही सब्जीमंडी
मुरैना| फाटक बाहर क्षेत्र में सड़क निर्माण हाल हीं में कराया गया है। जिससे स्थानीय निवासियों ने राहत की सांस ली है। लेकिन यहां सड़क पर लग रही सब्जीमंडी को अभी तक चबूतरों पर शिफ्ट नहीं कराया जा सका है। सभी दुकान सड़क किनारे सब्जी की दुकानें लगाते हैं। जिससे वहां के दुकानदारों को परेशानी होती है। साथ ही सड़क पर गंदगी भी पसरी रहती है। सब्जीमंडी लगने के कारण वहां मवेशी दिनभर विचरण करते हैं जो यहां से निकलने वाले लोगों को घायल कर देते हैं। लेकिन अधिकारी इस समस्या को अनदेखा कर रहे हैं।
नईबस्ती काशीपुर में लगे गंदगी के ढेर
मुरैना| नई बस्ती काशीपुर में नगरनिगम द्वारा नियमित सफाई नहीं की जा रही। इस कारण यहां गंदगी के ढेर लग रहे हैं। स्थानीय निवासियों ने समस्या को लेकर कई बार शिकायत की है। अधिकारियों को ज्ञापन तक सौंपे गए लेकिन इलाके में सफाई का इंतजाम नहीं किया गया। स्थानीय निवासियों का कहना है कि पहले यहां कचरा गाडिय़ां घरों से कचरा एकत्रित करने के लिए आती थीं। लेकिन अब गाडिय़ां भी नहीं आती। इस कारण घरों से निकलने वाले कचरे को लोग सड़कों पर फेंक देते हैं जिससे धीरे-धीरे यहां गंदगी के ढेर लग गए हैं जिससे मच्छर पनप रहे हैं और संक्रमण का खतरा भी बना हुआ है।
ट्रांसफार्मर में लगी आग
मुरैना| ट्रांसफार्मर में आग लगने से इससे जुडे इलाकों की बिजली सप्लाई ठप हो गई। संजय पार्क के पास लगे इस ट्रांसफार्मर ने बीते तीन-चार दिन से तेल का रिसाव हो रहा था। स्थानीय दुकानदारों ने बिजली कंपनी में पहुंचकर सूचना दी लेकिन अधिकारियों ने इसे गंभीरता से नहीं लिया। बिजली कंपनी की कोई भी टीम मौके पर नहीं पहुंची। सोमवार की दोपहर इस ट्रांसफार्मर में अचानक आग लग गई। जिससे बिजली सप्लाई बंद हो गई। लोगों का कहना है कि अधिकारी यदि समय रहते इसे सुधरवाते तो इस तरह की घटना सामने नहीं आती।