- Hindi News
- National
- ट्रक खड़ा कर सो रहे ड्राइवर को बदमाशों ने पीटा, मोबाइल फोन व 26 हजार रुपए लूटे
ट्रक खड़ा कर सो रहे ड्राइवर को बदमाशों ने पीटा, मोबाइल फोन व 26 हजार रुपए लूटे
सिविल लाइन पुलिस ने चार बदमाशों के खिलाफ दर्ज की एफआईआर
भास्कर संवाददाता | मुरैना
हाइवे पर बुधवार की अलसुबह मुरार के ट्रक ड्राइवर से 26700 रुपए व सैमसंग कंपनी के मोबाइल को चार बदमाश लूटकर ले गए। लूट की वारदात को सिकरौदा नहर क्षेत्र में संचालित ठेकेदार होटल के सामने अंजाम दिया गया। सिविल लाइन थाना पुलिस ने आपराधिक प्रकरण दर्ज करने के साथ बदमाशों के हुलिए के आधार पर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, ग्वालियर के नदी पार टाल मुरार क्षेत्र का ड्राइवर दीपक पुत्र कल्याण जाटव, मंगल-बुधवार की रात एक बजे हाइवे स्थित ठेकेदार होटल पर आया और उसने अपने ट्रक को एक साइड खड़ाकर वह वाहन के अंदर सो गया। सुबह 3.30 बजे दो युवक ट्रक की केबिन में घुस आए और उन्होंने ड्राइवर को जगाकर उसे ट्रक से नीचे खींच लिया। नीचे खड़े दो और बदमाशों ने मिलकर कुल चार बदमाशों ने उसकी मारपीट की और पेंट की जेब में रखे 26700 रुपए व सैमसंग कंपनी का एक मोबाइल लूट ले गए।
सामने आने पर पहचान लूंगा बदमाशों को
ड्राइवर दीपक का कहना है कि वह शक्ल सामने आने पर बदमाशों को पहचान लेगा। दीपक ने पुलिस को बताया कि उसने मंगलवार की रात मनिया में खाना खाया और ट्रक लेकर मुरैना की ओर चल दिया था। रात में नींद आने की दशा में उसने ट्रक को ठेकेदार होटल पर रोक लिया था। पुलिस ने लूट की वारदात को गंभीरता से लिया है। इस मामले में इलाके के बदमाशों को टटोला जा रहा है।