पुलिस पार्टी पर पथराव व हमला करने वाला इनामी गिरफ्तार
नूराबाद थाना पुलिस को अभी चार हमलावरों की तेजी से तलाश
भास्कर संवाददाता | मुरैना
पुलिस पार्टी पर जरारा गांव में पथराव व हमला करने के इनामी आरोपी सुरेश सिंह गुर्जर को नूराबाद थाना पुलिस ने बुधवार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। इस अभियुक्त समेत 25 लोगों के खिलाफ 27 नवंबर 2016 को 307 का मुकदमा दर्ज किया गया था।
27 नंवबर 2016 की सुबह 5.30 बजे नूराबाद पुलिस चंबल रेत से भरे वाहन का पीछा करते हुए जरारा गांव तक पहुंच गई थी। पुलिस पार्टी ने रेत से भरे ट्रैक्टर-ट्राली को जब्त करने का प्रयास किया वैसे ही गांव के 25 लोगों ने मिलकर पुलिस पर पथराव किया व लाठियों से हमला कर दिया। जिसमें कुछ पुलिस कर्मचारी चोटिल हुए थे। उस घटना को लेकर नूराबाद पुलिस ने 12 ज्ञात व 13 अज्ञात लोगों के खिलाफ 307 का मुकदमा दर्ज किया था। नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस प्रशासन ने पांच-पांच हजार रुपए का इनाम घोषित किया था। एएसआई एसडी बाथम ने बुधवार को पांच हजार के इनामी व फरारी बदमाश को जरारा गांव के हार से दबोच लिया। इस अपराध में सात आरोपी पहले पकड़े जा चुके हैं । पुलिस को अभी चार नामजद अभियुक्तों की सरगर्मी से तलाश है।