रैंप बनाने व टीनशेड बनाए जाने की मांग भी समाजसेवी ने ज्ञापन में की
भास्कर संवाददाता | मुरैना
रेलवे स्टेशन पर ट्रेनों के स्टॉपेज कराए जाने की मांग को लेकर समाजसेवी गोपालदास गांधी ने मंडल रेल प्रबंधक के नाम एक ज्ञापन वरिष्ठ वाणिज्य प्रबंधक को सौंपा।
ज्ञापन में कहा गया है कि मुरैना रेलवे स्टेशन को मूलभूत सुविधाओं के लिए ट्रेनों के स्टॉपेज की दरकार है। मुरैना चंबल संभाग का मुख्यालय है। इस स्टेशन पर सुबह 9.15बजे से उत्कल एक्सप्रेस के बाद 2.35बजे छत्तीसगढ एक्सप्रेस को मथुरा, दिल्ली जाने के लिए कोई ट्रेन उपलब्ध नहीं है। इसलिए समता, हीराकुंड एक्सप्रेस का स्टॉपेज यहां अति आवश्यक है। इसके अलावा गोंडवाना, इंदौर-अमृतसर, मप्र संपर्क क्रांति के स्टॉपेज की भी आवश्यकता है। विभिन्न समाजसेवी संगठन एवं व्यापारिक संगठनों ने कारोबार बढाने हेतु उक्त ट्रेनों हे ठहराव की मांग कई बार की है। इससे रेलवे की आय में भी वृद्धि होगी। इसके अलावा रेलवे स्टेशन पर दिव्यांग भाईयों एवं बुजर्गों के लिए रैंप की सुविधा उपलब्ध नहीं है। इसलिए यह सुविधा उपलब्ध कराई जाए। ज्ञापन में कहा गया कि प्लेटफार्म नंबर 2 व 3 पर शेल्टर टीन शेड बहुत जिससे बारिश व भीषण गर्मी में लोगों को परेशान होना पड़ता है। इसलिए प्लेटफार्म नंबर 2 व 3 पर शेल्टर टीनशेड को बढ़ाया जाए।