मुरैना| शासकीय पीजी कॉलेज मुरैना के एनसीसी कैडेट्स ने सोमवार को स्वच्छता अभियान चलाया। कैडेट्स शहर में निकले और महापुरूषों की प्रतिमाओं पर पहुंचकर साफ-सफाई की। यह अभियान काफी समय से चल रहा है। महापुरूषों की प्रतिमाओं के आसपास सफाई करने के अलावा इस टीम द्वारा पार्क सार्वजनिक तालाब सहित अन्य स्थानों पर सफाई की जाती है। सोमवार को हरेन्द्र यादव, दिलीप मौर्य, विष्णु पाराशर, आकाश, प्रदुमन बघेल मौजूद रहे।
जागरुकता.. नशामुक्ति की दिलाई शपथ
मुरैना| प्रथा संस्था द्वारा सोमवार को नशामुक्ति अभियान चलाया गया। आमपुरा इलाके मे पहुंचकर लोगों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई। इससे पहले कार्यालय पर बैठक आयोजित की गई जिसमें लोगों से कहा कि नशे के कारण लोग बर्बाद हो रहे हैं। नशे की लत के कारण न केवल आर्थिक नुकसान हो रहा है बल्कि सामाजिक प्रतिष्ठा भी धूमिल हो रही है। लोगों से अपील की गई कि वह नशे से दूर रहें और अन्य लोगों को भी इस दिशा में प्रेरित करें।
अपील... बेटे-बेटियों को स्कूल में दिलाएं दाखिला
मुरैना| धरती संस्था द्वारा सोमवार को अतरसुमा गांव में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। बेटी बचाओ अभियान के तहत पदाधिकारियों ने लोगों को जागरूक किया। पदाधिकारियों ने उन परिवारों से चर्चा की है जिनके बेटा-बेटी विभिन्न कारणों से स्कूल छोड़ गए हैं। उन्हें फिर से स्कूल में दाखिला दिलाने अौर पढाई पूरी करने की समझाइश माता-पिता को दी गई। इसके अलावा बेटियों को भी पूरा महत्व देने की अपील की गई। इस अवसर पर संदीप सेेंगर, पवन कुशवाह, वर्षा कुशवाह, अजय माहौर, गुड्डी बाई, मौजी कुशवाह आदि मौजूद रहे।
कथा... कलश यात्रा के साथ भागवत शुरू
मुरैना| ज्ञानेश्वरी माता मंदिर पर श्रीमद भागवत कथा का आयोजन किया जा रहा है। यह कथा सोमवार से शुरू की गई जहां पं. जितेन्द्र कृष्ण शास्त्री द्वारा कथा का वाचन किया जा रहा है। कथा में परीक्षित आशाराम-रामबेटी कुशवाह को बनाया गया है। कथा से पहले कलश यात्रा निकाली गई। यह कलश यात्रा गणेशपुरा से प्रारंभ हुई। वहीं मुरैना गांव में भी कथा का आयोजन हो रहा है। वहां भी कलश यात्रा निकली जो कालीमाता मंदिर से दाऊजी मंदिर पहुंची।
समाज, धर्म, क्लब, एसोसिएशन, डॉक्टर, वकील, इंजीनियर, नर्सेज, पुलिस, शिक्षक, चैम्बर ऑफ कॉमर्स
इस कॉलम के लिए  के सम्माननीय पाठक भी हमें खबर और फोटो भेज सकते हैं।
हमारा ई-मेल आईडी है rajneesh.dubey@dbcorp.in और वाट्सएप नंबर है 9425718190
जागरुकता.. लोगों को बताया पानी बर्बाद न करें
मुरैना| सोसाइटी ऑफ नोबल फ्रेंडस क्लब द्वारा जल बचाओ अभियान जारी है। सोमवार को क्लब के पदाधिकारी नैनागढ रोड, गांधी कालोनी सहित अन्य कालोनियों में पहुंचकर लोगों से जल का अपव्यय रोकने की अपील की। कहा गया कि जिले में कई ऐसे इलाके हैं जहां लोगों को पेयजल नहीं मिल पा रहा। काफी दूर जाकर लोग पानी ला रहे हैं। आमजन से कहा गया कि वह पानी को बेकार न बहाएं इसके सहेजकर रखें।
शिविर..संजय पार्क में योग शिविर शुरू
मुरैना| योग शिविर का आयोजन शहर के संजय पार्क में किया जा रहा है। योग समिति द्वारा आयोजित किए गए इस शिविर में लोग योग करना सीख सकते हैं। शिविर के पहले दिन श्रीमती कृष्णा सोनी व हेमा अग्रवाल ने योग के बारे में बताया। इस अवसर पर रघुराज सिंह कंषाना ने कार्यक्रम का शुभारंभ किया। योग समिति ने कहा कि योग हम सबकी जरूरत है लोगों को इसे अपनी दिनचर्या में शामिल करना चाहिए ताकि शरीर स्वस्थ रहे।