सिविल लाइन थाना पुलिस ने जिला अस्पताल में लिखी एफआईआर
भास्कर संवाददाता | मुरैना
नौकरी से निकाले तीन श्रमिकों ने एक अन्य व्यक्ति की मदद से शान सोलवैक्स फैक्टरी के फील्ड आफिसर सत्यनारायण पाराशर पर प्राणघातक हमला कर दिया। युवक को गंभीर घायल अवस्था में इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सिविल लाइन थाना पुलिस ने इस मामले में नामजद आरोपियों के खिलाफ आपराधिक प्रकरण दर्ज किया है।
जानकारी के मुताबिक, शान सोलवैक्स कंपनी के फील्ड आफिसर सत्य नारायण पुत्र संतोषी लाल पाराशर 48 निवासी महावीरपुरा मुरैना, शुक्रवार की शाम बाइक पर सवार होकर फैक्टरी में ड्यूटी पर जा रहे थे। घटनास्थल शिकारपुर रेलवे फाटक के पास घात लगाए खड़े चार लोगों ने मिलकर फील्ड आफिसर का रास्ता रोक लिया और उन पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमले में सत्य नारायण के शरीर में गंभीर चोट आई हैं। उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस मामले में पीएसआई राहुल शुक्ला ने अस्पताल पहुंचकर घायल फील्ड आफिसर के बयान के आधार पर आरोपीगण बंटी गुर्जर, संदीप गुर्जर, रामलखन गुर्जर निवासी लोहगढ़ व एक अन्य आरोपी के खिलाफ आपराधिक प्रकरण दर्ज किया है। फील्ड आफिसर का कहना है कि हमलावर उससे कह रहे थे उन्हें नौकरी से क्यों निकलवाया था। अब इसकी सजा भुगतना पड़ेगी।