आज शहर के कई हिस्सों में बंद रहेगी बिजली सप्लाई
मुरैना| बिजली लाइन शिफ्टिंग के कारण मंगलवार को शहर के कुछ इलाकों की बिजली सप्लाई प्रभावित रहेगी। उप महाप्रबंधक बिजली कंपनी ने बताया कि 22 मई को सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक 33केवी जडेरूआ फीडर एवं 11केवी लश्करीपुरा फीडर पर काम के चलते बिजली सप्लाई बंद रहेगी। इससे जुडे इलाके प्रभावित रहेंगे।
तेंदूपत्ता संग्राहकों का सम्मेलन 30 को
मुरैना| मुरैना एवं भिंड जिले का श्रमिक सम्मेलन और तेंदूपत्ता संग्राहक सम्मेलन 30 मई को आयोजित किया जा रहा है। इस सम्मेलन में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान तेंदूपत्ता संग्राहक को संबोधित कर हितग्राहियों को लाभान्वित करेंगे। यह जानकारी कलेक्टर भरत यादव ने दी है। उन्होंने अधीनस्थों को निर्देशित किया है कि कार्यक्रम की तैयारियां सुनिश्चित की जाएं।
गौ-पालन व पशु संवर्धन बोर्ड की बैठक आज
मुरैना| मध्यप्रदेश गौपालन एवं पशु संवर्धन बोर्ड की बैठक 22 मई को आयोजित की गई है। इस बैठक की अध्यक्षता बोर्ड के उपाध्यक्ष संतोष जोशी करेंगे। बैठक में चंबल संभाग की गौशाला संचालक मौजूद रहेंगे। बैठक लेने के पश्चात जोशी भिंड के लिए प्रस्थान करेंगे।
नेशनल लोक अदालत 14 जुलाई को
मुरैना| नेशनल लोक अदालत का आयोजन 14 जुलाई को किया जाएगा। इसमें राजीनामा योग्य प्रकरण दीवानी, फौजदारी, बिजली अधिनियम, श्रम, मोटर दुर्घटना दावा सहित अन्य प्रकरणों का निराकरण कराया जाएगा। नेशनल लोक अदालत में प्रकरणों का निपटारा राजीनामा के आधार पर कराया जाएगा ।
डाटा एंट्री ऑपरेटर की भर्ती जेम पोर्टल के माध्यम से होगी
शिवपुरी | सरकारी स्कूलों में संविदा सहायक ग्रेड-3 व डाटा एंट्री ऑपरेटर के पद अब केवल जेम पोर्टल के माध्यम से ही भरे जाएंगे। अभी तक यह काम जेम पोर्टल व स्थानीय एजेंसी के माध्यम से किया जा रहा था। आयुक्त लोक शिक्षण ने प्राइवेट एजेंसी के माध्यम से रखे संविदा कर्मचारियों को 31 मई तक हटाने के निर्देश दिए हैं।