हाईटेंशन लाइन का करंट लगने से एक मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसे इलाज के लिए ग्वालियर रैफर किया गया है। मजदूर को करंट तब लगा जब वह एक मकान की छत पर सरिया बिछा रहा था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बड़ा हिंगोना गांव में रहने वाला दान बिहारी पुत्र मोहन कुशवाह सोमवार की दोपहर जौरीखुर्द स्थित उमेश सिंह सिकरवार के मकान पर छत ढाल रहा था। इसके लिए वह छत पर सरिया बिछा रहा था। घर के ऊपर से हाईटेंशन लाइन निकल रही है। सरिया बिछाने के दौरान जब दान बिहारी ने सरिया उठाया तो वह हाईटेंशन लाइन से टच हो गया। इस कारण उसे करंट लगा और वह बुरी तरह झुलस गया। मौके पर मौजूद लोगों ने दान बिहारी को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने उसका इलाज शुरू किया लेकिन हालत बिगड़ने पर उसे ग्वालियर रैफर किया गया है।