नवागत कलेक्टर भरत यादव ने किया ज्वाइन
भास्कर संवाददाता | मुरैना
बीते तीन दिनों से मैंने शहर का जो आकलन किया है उसके अनुसार मुरैना के लोग संवेदनशील व मानवतावादी हैं। क्योंकि आराध्य की मदद के लिए शहर ही नहीं जिले के लोग उमड़ रहे हैं। यह बात कलेक्टर भरत यादव ने सोमवार को मीडिया से चर्चा करते हुए कही।
कलेक्टर यादव ने कहा कि नगर निगम की स्थिति बेहद खराब है। शहर की सड़कें व अन्य व्यवस्थाएं प्रमाणित करती हैं कि नगर निगम द्वारा कोई काम नहीं किया जा रहा। जब नगर निगम का यह हाल है तो जिले की नगरपालिकाओं की स्थिति तो और भी दयनीय होगी। लेकिन अब इस दिशा में विशेष प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि मैं खुद शहरी विकास मंत्रालय में पदस्थ रहा हूं इसलिए इस बात का भलीभांति ज्ञान है कि शहर विकास के लिए कैसे और क्या काम किए जा सकते हैं। इन कामों को प्राथमिकता के साथ कराया जाएगा।
विवेचना अच्छी होगी तो अपराध घटेंगे: सांघी
इधर नवागत पुलिस अधीक्षक अमित सांघी ने भास्कर से चर्चा के दौरान कहा कि जिले में कानून व्यवस्था की स्थिति बेहतर रहे इस पर उनका फोकस रहेगा। जो भी कानून व्यवस्था को बिगाडने का प्रयास करेगा उससे सख्ती से निपटा जाएगा। चंबल के लिए यह बड़ा इश्यू है। एसपी ने कहा कि गंभीर अपराधों को ट्रेस करने व अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए मेहनत से काम कराने पर जोर देंगे। विवेचना उच्च दर्जे की होना चाहिए। इसमें ढीलापन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।