बोनमैरो ट्रांसप्लांट कराने चार साल के मासूम बच्चे को 35 लाख की जरूरत
जिंदगी और मौत के बीच झूल रहे चार वर्षीय मासूम आराध्य का जीवन बचाने 35 लाख रुपए की दरकार है। इलाज में 20 लाख रुपए खर्च कर चुके पिता खाली हाथ बैठे हैं। बुआ ने भी अपनी शादी फिलहाल टाल दी है। हर सप्ताह कैंसर पीड़ित मरीज की तरह कीमो थैरेपी के जरिए जिंदा रह पा रहे आराध्य को बीमारी से तब निजात मिलेगी जब उसका बोनमैरो ट्रांसप्लांट हो जाएगा। सर गंगाराम अस्पताल में भर्ती आराध्य को बोनमैरो देने डोनर मिल गए हैं लेकिन ट्रांसप्लांट तब होगा जब पैसे की व्यवस्था हो जाएगी अन्यथा यह मासूम इलाज के अभाव में दम तोड़ देगा।
चार वर्षीय आराध्य का परिवार शहर की केशव काॅलोनी में निवास करता है। इनके पिता पवन कुमार शर्मा प्राइवेट ट्यूशन पढ़ाते हैं, लेकिन चार महीने पहले बेटे की बीमारी सामने आई तो उन्होंने इलाज की भागदौड़ में यह जॉब बंद कर दिया। जो भी जमा पूंजी थी उसके अलावा कर्ज लेकर तकरीबन बीस लाख रुपए अभी तक बेटे के इलाज पर खर्च कर दिए।
हम करें मदद तो बच जाएगा ‘आराध्य’ का जीवन
नेकी की दीवार टीम ने रुपए जुटाने के लिए शुरू किया अिभयान
चार वर्षीय आराध्य, जिसका बदला जाना है बोनमैरो
बुआ बोली- बच्चा ठीक हो जाएगा तब करूंगी शादी
आराध्य की बुआ की शादी भी इस साल होनी थी, लेकिन मासूम की तबियत खराब होने और इलाज में पैसे की तंगी देखी तो बुआ ने फिलहाल शादी से इंकार कर दिया। बुआ का कहना है कि बच्चा ठीक हो जाएगा तब शादी करूंगी।
मासूम का चेहरा सामने आने के बाद नेकी की दीवार टीम ने आराध्य का जीवन बचाने मुहिम शुरू कर दी है। उन्होंने आमजन से अपील की है कि यदि जिलेभर के लोग मदद करें तो आराध्य बीमारी से उबरकर एक बार फिर अपने जीवन की शुरूआत कर सकेगा। लोग मदद की राशि नेकी की दीवार जन सेवा समिति के सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया एमएस रोड मुरैना के खाता नंबर 3667583516 व आईएफएससी कोड नं. सीबीआईएन 0280781 में जमा करा सकते हैं। इस राशि को आराध्य के इलाज पर खर्च किया जाएगा।
ब्लड में इंफेक्शन, कराना पड़ती है कीमोथैरेपी
पवन ने बताया कि हर सप्ताह आराध्य का कीमो थैरेपी कराना पड़ती है। क्योंकि ब्लड में इंफेक्शन के चलते उसका विकास नहीं हो पा रहा और बुखार सहित अन्य बीमारियां घर कर गईं हैं। कीमो से उसकी हालत में सात दिवसीय सुधार हो जाता है लेकिन स्थाई समाधान तब होगा जब बोनमैरो ट्रांसप्लांट कर दिया जाएगा।