पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

नाबालिग चला रहे ऑटो रिक्शा

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
नाबालिग चला रहे ऑटो रिक्शा

मुरैना | शहर में नाबालिग ऑटो रिक्शा चला रहे हैं। लेकिन ट्रैफिक पुलिस इस ओर कार्रवाई नहीं कर रही। ऑटो रिक्शा में तादाद से अधिक सवारियां भरकर नाबालिग बालक तेज रफ्तार में ऑटो रिक्शा दौड़ाते हैं, जिससे हादसे की आशंका बनी हुई है। कई बार ऑटो पलटने से दुर्घटना भी हुई है। ऐसे ऑटो रिक्शा शहर की एमएस रोड पर दिनभर देखे जाते हैं। लेकिन किसी भी ऑटो रिक्शा को रोककर कार्रवाई तो दूर की बात हिदायत भी नहीं दी जाती।

कोचिंग सेंटरों ने नहीं किया वाहन पार्किंग का इंतजाम

मुरैना | शहर में कोचिंग सेंटर संचालित करने वाले शिक्षकों को पिछले दिनों पुलिस अधिकारियों ने हिदायत थी कि वह अपने कोचिंग सेंटरों पर वाहन पार्किंग का इंतजाम करें क्योंकि अध्ययन के लिए आने वाले छात्र-छात्राएं अपने वाहनों को कोचिंग सेंटरों के बाहर सड़क पर रखते हैं जिससे ट्रैफिक जाम के हालात निर्मित होते हैं और स्थानीय निवासियों को भी असुविधा होती है। लेकिन कोचिंग सेंटर संचालकों ने अधिकारियों के इस निर्देश को हवा में उड़ा दिया है। मिल एरिया रोड व जीवाजीगंज इलाके में कई कोचिंग संचालित हो रहे हैं लेकिन किसी ने भी वाहन पार्किंग की व्यवस्था नहीं बनाई है।

बंधा, पचोखरा व हेतमपुर में बिजली-पानी की समस्या, सीईओ को सौंपा ज्ञापन

मुरैना | बिजली-पानी की समस्या को लेकर पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष रघुराज कंषाना के नेतृत्व में ग्राम बंधा, पचोखरा व हेतमपुर के ग्रामीणों ने जिला पंचायत सीईओ को एक ज्ञापन सौंपा। मंगलवार को सौंपे गए ज्ञापन में कहा कि एबी रोड स्थित बंधा गांव में बिजली लाइन नहीं है। पूरा गांव में अंधेरे में डूबा है। इसके अलावा हैंडपंप खराब पड़े हैं इस कारण पेयजल संकट है। लाइट न होने से बच्चों की पढाई प्रभावित हो रही है। ऐसे ही हालात पचोखरा व हेतमपुर में बने हुए हैं। लेकिन इस समस्या का समाधान नहीं किया जा रहा। ज्ञापन सौंपने वालों में माखन, वीरेन्द्र सिंह, बलवीर, महावीरा, रघुनाथ सिंह, सुल्तान सिंह, राजेन्द्र सिहं, संतोषी सिंह, बैजनाथ आदि शामिल हैं।

हाईवे पर थाने के सामने बस खड़ी कर बैठाते हैं सवारियां, कार्रवाई नहीं

मुरैना | नेशनल हाईवे पर थाने के सामने बसों को रोककर सवारियां बिठाई व उतारी जा रही हैं। लेकिन इस दिशा में कार्रवाई नहीं हो रही। बस स्टैंड से निकलने के बाद बस चालक अपनी बसों को ट्रैफिक थाने के सामने रोक लेते हैं और यहां सवारियों को बिठाते हैं। थाने में ट्रैफिक पुलिस कर्मचारी भी तैनात रहते हैं लेकिन वह इसे अनदेखा कर देते हैं। बसों के हाईवे पर खड़े रहने से ट्रैफिक जाम के हालात बनते हैं जिससे हाईवे से गुजरने वाले राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। यह समस्या लंबे समय से बनी हुई है जिसकी बार-बार शिकायत की गई लेकिन ट्रैफिक पुलिस द्वारा रवैये में सुधार नहीं किया जा रहा। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी इस ओर ध्यान नहीं दे रहे।

बिजली के पोल शिफ्ट करने के बाद डाली जा रही लाइन

मुरैना | वीआईपी रोड बनाने के लिए पिछले दिनों बिजली पोल को सड़क किनारे शिफ्ट किया गया था। अब इन बिजली पोलों पर लाइन डाली जा रही है। अभी तक अन्य फीडरों से कनेक्शन जोड़कर इस क्षेत्र के निवासियों को बिजली सप्लाई दी जा रही थी। लाइन डालने का कार्य बिजली कंपनी द्वारा तेजी से किया जा रहा है। जिससे लोगों को सही वोल्टेज की बिजली मिल सकेगी। शहर में कोतवाली के बगल से होते हुए एसपी ऑफिस के पास नेशनल हाईवे तक वीआईपी रोड बनाई जा रही है। इस रोड के बनने में बिजली पोल बाधा थे जिन्हें बिजली कंपनी ने पिछले दिनों शिफ्ट किया था।

खबरें और भी हैं...