- Hindi News
- National
- उपद्रवियों के साथ पटरी उखाड़ने वाला सिपाही गिरफ्तार, तीन सरकारी कर्मचारी भी सस्पेंड
उपद्रवियों के साथ पटरी उखाड़ने वाला सिपाही गिरफ्तार, तीन सरकारी कर्मचारी भी सस्पेंड
जीआरपी की गिरफ्त में अजाक थाने का सिपाही विनीत मौर्य।
दो शिक्षक समेत तीन कर्मचारी सस्पेंड
बंद के दौरान अवकाश लेकर आंदोलन में शामिल होने वाले तीन अन्य सरकारी कर्मचारियों को प्रशासन ने तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया है। इसमें शिक्षा विभाग के श्यामपुर स्कूल में पदस्थ सहायक अध्यापक रामप्रसाद शंखवार व देवपुर माफी मिडिल स्कूल में पदस्थ सहायक शिक्षक बाबू सिंह दुलावत और स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी रविन्द्र कथूरिया शामिल हैं।
दो अप्रैल को उपद्रवियों के साथ पटरी उखाड़ने वाले अजाक थाने के जिस सिपाही विनीत मौर्य को रविवार को जीआरपी पुलिस ने गिरफ्तार किया है, उसे तीन दिन पहले कोतवाली पुलिस ने अजाक थाने में पूछताछ के लिए कोतवाली बुलाया था। पूछताछ के बाद उसकी गिरफ्तारी नहीं की थी। बताया जा रहा है कि कोतवाली पुलिस उसे बचाने की तैयारी कर रही थी। लेकिन प्रशासन की सख्त कार्रवाई के चलते बात नहीं बनीं और अंतत: उसे गिरफ्तार कर लिया गया।।
कोतवाली पुलिस ने पूछताछ की लेकिन गिरफ्तारी नहीं की
उपद्रव में शामिल 108 नए आरोपी, अब तक 27 पर 1.60 लाख रुपए का इनाम
मुरैना |दो अप्रैल को भारत बंद के दौरान रेलवे ट्रेक पर तोड़फोड़ करने के आरोप में कोतवाली पुलिस ने अब तक 108 आरोपियों को चिह्नित कर लिया है। इनमें से 40 पर सोमवार को पांच-पांच हजार रुपए का इनाम घोषित किए जाने की तैयारी है। इससे पहले पुलिस 27 आरोपियों पर 1.60 लाख रुपए का इनाम घोषित कर चुकी है। छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस को रोकने, इंजन समेत बोगियों की तोड़फोड़ करने के मामले में पुलिस, वीडियो फुटेज व फोटोग्राफ्स के आधार पर उपद्रवियों को चिह्नित कर रही है। रविवार तक 108 आरोपियों को चिहिन्त करने की बात पुलिस अधिकारियों ने कही है। जिन आरोपियों को चिह्नित किया गया है उनके पूरे डिटेल भी तैयार किए जा रहे हैं। साथ ही उनकी पहचान कराने के संबंध में पुलिस पंचनामा भी तैयार कर रही है ताकि किसी गलत व्यक्ति पर इनाम घोषित नहीं हो जाए। उपद्रव को लेकर पुलिस प्रशासन अब तक पांच आरोपियों पर 10-10 हजार रुपए के इनाम व 22 आरोपियों पर पांच-पांच हजार रुपए के इनाम घोषित कर चुका है। नई सूची में दर्ज 40 आरोपियों पर सोमवार को पांच-पांच हजार रुपए का इनाम घोषित किया जाएगा।
उपद्रव सहित अन्य कार्रवाई में 280 आरोपी भेजे जेल
पुलिस अधीक्षक आदित्य प्रताप सिंह के मुताबिक, उपद्रव में शामिल 120 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। अन्य कार्रवाईयों में कुल 160 आरोपियों को जेल भेजा गया है। कुल 280 आरोपी इस समय जेल में हैं। पुलिस को 24 मुकदमों में 1800 आरोपियों की तलाश है। फरार आरोपियों के संबंध में जो कोई पुलिस को गोपनीय सूचना देकर आरोपियों को पकड़वाएगा उसे घोषित इनाम दी जाएगी।
रेलवे पुलिस के रिकार्ड में यह 11 वांटेड
दो अप्रैल को रेलवे ट्रैक से लेकर प्लेटफार्म नंबर एक, दो व तीन पर की गई तोड़फोड़ के संदर्भ में रेलवे पुलिस ने जो दो मुकदमे में दर्ज किए हैं, उनमें अजाक्स के जिला अध्यक्ष राजवीर अग्निहोत्री, दलित शोषित मंच के अध्यक्ष जेके पिप्पल, आरक्षण बचाओ मोर्चा के जिला अध्यक्ष जितेन्द्र बौद्ध, अजाक्स छात्र संघ के जिला अध्यक्ष सोनू मौर्य, भीम सेना के सोनू जौनवार, जाटव महासभा के सलाहकार रामहेत पिप्पल, बाल्मीकि महापंचायत के जिला अध्यक्ष विजय कडेंरे, बौद्ध भिक्षु, पार्षद गब्बर जाटव व फल व्यवसायी अशोक बूटा को हत्या के प्रयास, बलवा, फायरिंग, शासकीय कार्य में हस्तक्षेप, शासकीय संपत्ति को क्षति पहुंचाने समेत रेलवे एक्ट की धाराओं के तहत अभियुक्त बनाया है। इन धाराओं में पांच से सात साल तक सजा का प्रावधान है।