जिले के कॉलेजों में शुरू होंगे 60 वोकेशनल कोर्स
कोर्सेस शुरू करने के प्रस्ताव को समन्वय समिति ने दी स्वीकृति
भास्कर संवाददाता | मुरैना
परंपरागत कोर्सेस से हटकर जीवाजी यूनिवर्सिटी जल्द ही मुरैना जिले के कॉलेजों में 60 प्रकार के वोकेशनल कोर्स शुरू करेगी। इसकी सैद्धांतिक स्वीकृति शासन की समन्वय समिति ने दे दी है। यह जानकारी जीवाजी यूनिवर्सिटी की डिग्री कॉलेज डवलपमेंट काउंसिल ने दी है।
काउंसिल का कहना है कि वर्तमान की आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए जीवाजी यूनिवर्सिटी 2018-19 से सभी सरकारी कॉलेजों में वोकेशनल कोर्स शुरू करेगी। इसके लिए 60 से 70 प्रकार के वोकेशनल कोर्स की सूची तैयार की जा चुकी है। कोर्सेस शुरू करने के प्रस्ताव को समन्वय समिति ने स्वीकृति प्रदान कर दी है। वोकेशनल कोर्स शुरू होने के बाद छात्रों को बी.वोक की डिग्री प्रदान की जाएगी। मास्टर डिग्री करने के बाद एम.वोक की डिग्री मिलेगी।
कुशल लोगों के लाखों पद खाली हैं लेकिन उन पर काम करने के लिए योग्य व ट्रेंड उम्मीदवार उपलब्ध नहीं हैं। इस कमी को पूरा करने के लिए यूजीसी के निर्देश पर वोकेशनल कोर्स शुरू किए जा रहे हैं। अभी तक कॉलेजों में बीए, बीकॉम व बीएससी जैसे पाठ्यक्रम ही संचालित हैं। जिनसे रोजगार नहीं मिल पाता है।