एसटीपी की डिजायन-ड्राइंग ईएनसी ने नहीं की अनुमोदित
हैदराबाद की स्टैंडर्ड इंफ्राटेक प्रालि ने छह महीने पहले नगरीय प्रशासन विभाग के प्रमुख अभियंता शशिकांत कटारे को अनुमोदन के लिए भेजी थी डिजायन-ड्राइंग
भास्कर संवाददाता | मुरैना
सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट तैयार करने का काम हैदराबाद की स्टैंडर्ड इंफ्राटेक कंपनी अप्रैल का दूसरा पखवाड़ा बीतने के बाद भी शुरू नहीं कर सकी है। पड़ताल में सामने आया है कि एसटीपी की डिजायन-ड्राइंग को प्रमुख अभियंता ने अभी अनुमोदित नहीं किया है। जबकि उस संबंध में मांगी गई सभी जानकारियों को प्रस्तुत की जा चुकी हैं। अतरसुमा की एक हैक्टेयर जमीन पर 25 करोड़ रुपए की लागत से बनाए जाने वाले सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट की डिजायन-ड्राइंग को निर्माण एजेंसी ने सितंबर 2017 में अनुमोदन के लिए प्रमुख अभियंता शशिकांत कटारे को भेजा था। ईएनसी को अपने स्तर से हाइड्रोलिक व मैकेनिकल डिजायन-ड्राइंग को चेक कर अनुमोदित करना था लेकिन अप्रैल का दूसरा पखवाड़ा बीतने तक डिजायन-ड्राइंग अनुमोदित नहीं की गई है। ऐसा नहीं होने से ठेकेदार अतरसुमा में एसटीपी बनाने का काम शुरू नहीं कर पा रहा है। चूंकि निर्माण कार्य में बिलंव हो रहा है इसलिए तय किया गया है कि आवंटित एक हैक्टेयर भूमि पर निर्माण एजेंसी प्रशासनिक भवन, बाउंड्रीवाल समेत लेबर हट्स बनाने का काम शुरू करेगी। ताकि डिजायन-ड्राइंग अनुमोदित होने के साथ ही साइट पर सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट बनाने का काम शुरू किया जा सके।