रंगोली उकेरकर लोगों को बताया-स्वच्छता का महत्व
मरीजों की देखभाल में समय गुजारने वाली नर्सों के हाथ में रविवार को सिरिंज व ड्रिप के स्थान पर रंगों के पैकेट नजर आए। इन रंगों की मदद से जिला अस्पताल के हॉल में आकर्षक रंगोली बनाई गईं। नर्सिंग स्टाफ में शामिल छात्राओं के अलावा पीजी कॉलेज की छात्राओं ने यह प्रयास लोगों को जागरूक करने के लिए किया था। हर रंगोली स्वच्छता का संदेश दे रही थी। सिस्टर इंचार्ज मीना डेकाडे के नेतृत्व में बनाई गई इन रांगोलियों की अस्पताल में आ रहे हर व्यक्ति ने सराहना की।
मरीज व अटेंडेंट को स्वच्छता का पाठ पढ़ाने की अनूठी पहल जिला अस्पताल में देखने को मिली। नर्सिंग स्टाफ ने रंगोली के जरिए यह बताया कि अपने घर, शहर को साफ रखने के लिए क्या प्रयास करने चाहिए। गीला व सूखा कचरा अलग-अलग स्थान पर रखने का संदेश दिया गया। यह प्रयास स्वच्छ भारत अभियान के तहत एक अप्रैल से शुरू हुए स्वच्छता पखवाड़े के अंतर्गत किया गया। इस पखवाड़े का रविवार को समापन था। अस्पताल में मौजूद मरीज के अटेंडेंट ने छात्राओं द्वारा बनाई गईं रांगोलियों को देखकर भूरि-भूरि प्रशंसा की और संकल्प लिया कि वह भी स्वच्छता का पूरा ख्याल रखेंगे।
इन छात्राओं ने बनाई रंगोली : नर्सिंग स्टाफ में शामिल भारती सइलवार, दुर्गा व सविता ने क्लीन सिटी-ग्रीन सिटी का संदेश अपनी रंगोली का जरिए दिया तो ललिता गुप्ता, मनोज कुमारी व प्रियंका शर्मा ने कायाकल्प को दर्शाती रंगोली बनाई। पीजी कॉलेज की छात्रा मानसी तोमर व दामिनी डेकाडे ने भारत का नक्शा बनाकर देश को साफ-स्वच्छ रखने की अपील की। दिव्या तिवारी, आकांक्षा धुर्वे, शशी पुरवैया, ललिता गुप्ता, आरती अटेरिया, प्रीति अग्रवाल, माधुरी भदौरिया, रजनी तोमर, निलोफर, विमला देवी व वंदना चौहान ने भी आकर्षक रंगोली सजाई।
स्वच्छता संदेश
नर्सिंग स्टाफ ने अस्पताल में सजाई रंगोली, पीजी कॉलेज में भी हुआ आयोजन
यह भी बोले अटेंडेट
नर्सिंग स्टाफ व छात्राओं द्वारा रंगोली के जरिए दिए जा रहे स्वच्छता संदेश की तो अटेंडेंट ने तारीफ की लेकिन उन्होंने यह कहकर चुटकी ली कि छात्राओं का प्रयास तो सराहनीय है लेकिन अस्पताल प्रशासन को खुद ही इसे अमल में लाना चाहिए। क्योंकि अस्पताल में जगह-जगह गंदगी बिखरी है। इसलिए नर्सिंग स्टाफ व छात्राओं के इस संदेश को अस्पताल प्रशासन को आत्मसात करना चाहिए।