पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • आंबेडकर जयंती: शहर में धारा 144 लागू, बस, ऑटो टेम्पो रहेंगे बंद

आंबेडकर जयंती: शहर में धारा 144 लागू, बस, ऑटो-टेम्पो रहेंगे बंद

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
आज रात 12 बजे तक बंद रहेगा इंटरनेट

भास्कर संवाददाता | मुरैना

शहर में धारा 144 लागू होने से डाॅ. भीमराव आंबेडकर जयंती पर शनिवार को न तो जुलूस निकलेगा और न ही बड़े पैमाने पर एक स्थान पर एकत्रित हो सकेंगे। चार से अधिक लोगों को माल्यार्पण के लिए भी नहीं जाने दिया जाएगा। एहतियात के तौर पर शुक्रवार की शाम पांच बजे इंटरनेट बंद कर दिया गया। शनिवार की रात 12 बजे तक इंटरनेट बंद रहेगा। शनिवार को बस और टेंपो भी नहीं चलेंगे। शराब की दुकानें भी बंद रहेंगी। ऐसा इसलिए क्योंकि 2 अप्रैल को उपद्रव करने वाले ज्यादातर लोग शराब के नशे में थे। इस दौरान 1500 जवान सुरक्षा में तैनात रहेंगे। शहर के व्यापारियोें ने बाजार खुले रखने का निर्णय लिया है। उधर, बसपा विधायक सत्यप्रकाश सखवार ने कहा कि प्रशासन ने जो व्यवस्था बनाई है, उसका पालन कराया जाएगा।

शहर में आठ स्थानों पर संविधान निर्माता डाॅ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमाएं स्थापित हैं। इनमें सिग्नल बस्ती से लेकर तुस्सीपुरा, पांचवीं बटालियन परिसर, मुरैना गांव, बड़ोखर, जेबराखेड़ा, छोटी लालौर, सिलायथा व हिंगौनाकलां की प्रतिमाओं पर 14 अप्रैल को आंबेडकर अनुयायी माल्यार्पण करने पहुंचेंगे। सबसे बड़ा कार्यक्रम सिग्नल बस्ती, पांचवीं बटालियन क्षेत्र व तुस्सीपुरा में होगा। पुलिस ने बताया कि किसी भी प्रतिमा पर चार से अधिक लोग एक साथ श्रद्धासुमन अर्पित करने नहीं जा सकेंगे। प्रतिमा स्थल पर किसी प्रकार का कोई टेंट या शामियाना आदि नहीं लगाया जाएगा। लाउडस्पीकर समेत डीजे साउंड भी नहीं बजा सकेंगे।

शहर में आठ जगह पर लगी आंबेडकर प्रतिमाओं पर होंगे आयोजन, एक साथ 4 से अधिक लोग नहीं कर सकेंगे मार्ल्यापण, टेंट लगाने की अनुमति भी नहीं
प्रतिमाओं की सुरक्षा बढ़ाई
जिले में स्थापित डा. भीमराव आंबेडकर की 60 प्रतिमाओं की सुरक्षा बढ़ा दी है। प्रतिमाओं पर 24 घंटे रक्षा समिति के सदस्य, पुलिस जवान, पटवारी, कोटवार, नगरीय निकायों समेत पंचायतों के सचिव पहरा दे रहे हैं।

बसों का संचालन भी बंद
क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी मधु सिंह ने कहा कि सुरक्षा की दृष्टि से धारा 144 के तहत बसों का आवागमन बंद रहेगा।

एसडीएम ने व्यापारियों से कहा- शनिवार दोपहर तक न खोलें दुकानें, विरोध हुआ तो मिली मंजूरी
आंबेडकर जयंती को लेकर पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों के हाथ-पैर फूल रहे हैं। इसका प्रमाण शुक्रवार की शाम एसडीएम ऑफिस में देखने को मिला जब एसडीएम उमेश शुक्ला ने व्यापारियों को बुलाकर यह निर्देश दे डाले कि शनिवार को दोपहर एक बजे तक कोई भी व्यापारी दुकान न खोले। एसडीएम के तेवर देख व्यापारियों ने उनके चेंबर में बैठकर दुकानें न खोलने की हामी भर दी। लेकिन शाम चार बजे हुए इस फैसले की 7 बजे तक हवा निकल गई और व्यापारियों ने साफ शब्दों में कह दिया कि उनकी दुकानें हर रोज की तरह शनिवार को भी समय पर ही खुलेंगी। एसडीएम का यह निर्देश सवाल बनकर कलेक्टर भास्कर लाक्षाकार व एसपी आदित्य प्रताप सिंह के कानों में गूंजा तो उन्होंने सफाई दी कि न तो व्यापारियों से बाजार बंद कराया जाएगा और न ही कोई कर्फ्यू रहेगा। केवल धारा 144 को प्रभावी किया गया है। व्यापारियों की बैठक में एसडीएम ने यह भी कह दिया था कि सभी व्यापारी शुक्रवार को शाम 7 बजे तक अपनी दुकानें हर हाल में बद कर दें। लेकिन व्यापारियों ने अपनी दुकानें खुली रखीं। बाद में एसपी आदित्य प्रताप सिंह ने सफाई दी कि बाजार बंद जैसे कोई भी निर्देश नहीं हैं।

दुकान के बाहर लोग एकत्रित होंगे तो वो लट्ठ लेकर चलेंगे, कोई घटना करेंगे-
सीधी बात
सवाल: आपने व्यापारियों को दोपहर एक बजे तक दुकानें न खोलने के निर्देश दिए हैं।

जवाब: व्यापारियों से कहा गया है कि 14 तारीख को आंबेडकर जयंती मनाई जाएगी। इसलिए धारा 144 का पालन करना है।

सवाल: धारा 144 लगी रहेगी तो आंबेडकर जयंती कैसे मनाई जा सकती है।

जवाब: आंबेडकर जयंती मनाने के लिए कोई परमीशन नहीं है। जयंती तो जहां आंबेडकर की मूर्ति है वहां मनाई जाएगी।

सवाल: क्या दुकान खोलना धारा 144 का उल्लंघन है।

जवाब: दुकान खोलना धारा 144 का उल्लंघन नहीं है, फालतू लोगों को इकट्ठा रखना मना है। दुकान के बाहर लोग बैठेंगे। कल के दिन वो लट़्ठ लेकर चलेंगे कोई घटना करेंगे।

उमेश शुक्ला, एसडीएम

नप अध्यक्ष पति व पूर्व अध्यक्ष को किया बाउंडओवर

बानमोर |
14 अप्रैल को आंबेडकर जयंती के अवसर पर कस्बा में शांति कायम रखने के लिए नायब तहसीलदार श्याम श्रीवास्तव ने शुक्रवार को नगर पंचायत अध्यक्ष पति भगवान सिंह जाटव व पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष कमल राजे को 50-50 हजार रुपए से बाउंडओवर कराया है। उपद्रव होने की दशा में दोनों नेताओं से बाउंडओवर की राशि बतौर जुर्माना जमा कराएंगे।

खबरें और भी हैं...