नगर में चार से पांच घंटे की जा रही है अघोषित बिजली कटौती
नगर में पिछले एक महीने से की जाने वाली अघोषित बिजली कटौती की वजह से लोग परेशान हो चुके हैं। हालांकि इस संबंध में उपभोक्ताओं के द्वारा जब भी बिजली कंपनी के वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया जाता है तो वह मेंटेनेंस का बहाना बनाकर पल्लाझाड़ लेते हैं। स्थिति यह है कि पिछले कुछ दिनों से मौसम के मिजाज में आए परिवर्तन की वजह से तेज हवा व बूंदाबांदी शुरू होते ही पांच से छह घंटे के लिए बिजली की सप्लाई बंद कर दी जाती है। नगर में बिजली की सप्लाई के लिए मुरैना रोड, किला फीडर, माफलपुरा सहित पांच फीडर बनाए गए हैं। इन फीडरों पर पिछले एक महीने से प्रतिदिन अघोषित बिजली कटौती की जा रही है। बतादें कि शुक्रवार की सुबह किला रोड पर स्थित फीडर पर चार घंटे बिजली की सप्लाई बंद रही। हालांकि यह समस्या किसी एक दिन की नहीं है, बल्कि पूरे नगर में इसी तरह से बिजली कंपनी के द्वारा मनमर्जी से बिजली की सप्लाई बंद कर दी जाती है। वहीं अगर किसी लाइन में फाल्ट आ गया तो उसे ठीक कराने में बिजली कंपनी के अधिकारियों को 6 से 7 घंटे का समय लग जाता है।