- Hindi News
- National
- बाइक पर तीन सवारी या मुंह बंधा नजर आने पर पुलिस ने किए 20 चालान, वसूला जुर्माना
बाइक पर तीन सवारी या मुंह बंधा नजर आने पर पुलिस ने किए 20 चालान, वसूला जुर्माना
अपराध व अपराधियों पर अंकुश लगाने के लिए कोतवाली पुलिस ने शुक्रवार को एमएस रोड पर वाहन चैकिंग के दौरान उन लोगों के खिलाफ कार्रवाई को अंजाम दिया जो बाइक पर तीन सवारी पाए गए या मुंह बांधकर गाड़ी चला रहे थे। ऐसे 20 लोगों के चालान किए गए। मुरैना की सीमाएं राजस्थान से लगी होने के कारण वहां के अपराधी वारदात करने शहर में आ जाते हैं। खास मौकों से लेकर सहालग के समय अपराधियों की आमद शहर में बढ़ जाती है। राहजनी से लेकर ठगी व लूट की वारदात होती हैं। इसलिए पुलिस प्रशासन ने शुक्रवार को कोतवाली के सामने वाहन चैकिंग पाइंट लगवाकर दो पहिया व चार पहिया वाहनों की सघन चैकिंग कराई। चैकिंग के दौरान ऐसे लोगों के चालान किए जिनकी बाइक पर तीन सवारी बैठी मिलीं। जो लोग मुंह पर साफी बांधकर चल रहे थे उनके भी चालान किए गए। महिला एसआई आरती राठौर ने 20 वाहन सवारों के चालान किए।
जिला पुलिस बल ने शुक्रवार को नगर में वाहनों की सघन चैकिंग करने का अभियान चलाया। जिसके तहत गल्ला मंडी के सामने नैनागढ़ रोड तथा संग्रहालय के सामने चैकिंग पॉइंट लगाया गया। कार्रवाई के दौरान 12 वाहन चालकों पर तीन हजार रुपए का जुर्माना वसूला गया। चैकिंग के दौरान संग्रहालय के सामने बाइकों पर तीन लोग सवार होने पर चालान काटे गए। इसके अलावा जो लोग मुंह ढंक के निकल रहे थे उन्हें रोककर समझाइश दी गई।
इस दौरान मुरैना के अलावा अन्य शहर से आने वाले वालों को न केवल रोका गया, बल्कि चेंकिंग के बाद सघन पूछताछ भी की गई। चैकिंग अभियान में लगे पुलिसकर्मियों की कार्रवाई देख कई वाहन चालकों ने मार्ग बदल लिया। कार्रवाई के दौरान वाहनों के चैकिंग करने की जिम्मेदारी सब-इंस्पेक्टर नितिन पांडे, आरती राठौर, एएसआई इंदौरिया ने निभाई।
कोतवाली थाने के सामने एमएस रोड पर वाहनों की चैकिंग करतीं सब इंस्पेक्टर।