बीमा पॉलिसी की किस्त पर सफाई व कृषि कल्याण टैक्स
आप बीमा पॉलिसी की किस्त जमा करने जा रहे हैं तो किस्त की राशि के अलावा स्वच्छ भारत मिशन व कृषि कल्याण टैक्स का पैसा भी साथ ले जाइए। कारण है कि सरकार ने लोगों से राय लिए बिना उक्त दोनों टैक्स बीमाधारकों पर थोप दिए हैं। इससे बीमा कंपनियों के एक लाख से अधिक ग्राहक परेशान हैं।
भारतीय स्टेट बैंक बीमा सेवा की स्कॉलर-2पॉलिसी की त्रैमासिक किस्त जमा करने बीमा कार्यालय गए ग्राहक राजीव कुमार द्विवेदी से बीमा कंपनी स्टाफ ने 4007 रुपए के स्थान पर जब 4083 रुपए वसूले तो इस बात को लेकर ग्राहक व बीमा कंपनी के प्रतिनिधियों के बीच कहा-सुनी का दौर रहा। बीमा कंपनी के लोगों का कहना था कि बीमा किस्त में 60 रुपए का टैक्स स्वच्छ भारत मिशन व कृषि कल्याण के लिए एक अप्रैल से लिया जा रहा है।