पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • चाय नाश्ता के होटलों के आगे खड़े हो दोपहिया वाहन, जाम से लोग परेशान

चाय-नाश्ता के होटलों के आगे खड़े हो दोपहिया वाहन, जाम से लोग परेशान

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
चाय-नाश्ता के होटलों के आगे खड़े हो दोपहिया वाहन, जाम से लोग परेशान

मुरैना| एमएस रोड स्थित चाय-नाश्ता होटलों के आगे दिन भर दुपहिया वाहन खड़े होने से जाम की स्थिति की विकराल हो रही है। सुबह व शाम के समय यह स्थिति और भी गंभीर हो जाती है। बावजूद इसके ट्रेफिक पुलिस का इस ओर ध्यान नहीं है। यहां बता दें कि एमएस रोड का आवागमन सुगम रखने के लिए नगर निगम के स्तर पर पार्किंग स्थल घोषित नहीं किए गए हैं। जिसके चलते बाजार में खरीददारी करने वाले ग्राहक कहीं भी वाहन खड़ा कर देते हैं। एमएस रोड पर संचालित जिन होटलों के सामने जाम की स्थिति निर्मित हो रही है उनमें चीनी हलवाई, गुरु कृपा होटल, अग्रवाल स्वीट्स, सुमेर मिष्ठान भंडार आदि के नाम शामिल है।

रेलवे स्टेशन के प्रवेश द्वारा पर नहीं होती सफाई

मुरैना| रेलवे स्टेशन के मुख्य द्वारा पर टॉयलेट की नियमित सफाई नहीं होने से यात्रियों को परेशानी हो रही है। यहां बता दें रेलवे स्टेशन के प्रवेश द्वारा पर ओपन टॉयलेट बने हुए हैं। जिसके चलते मेन गेट के पास यूरीन बहने से यात्री न केवल दुर्गंध से परेशान रहते हैं, बल्कि गंदगी के चलते संक्रमण के चलते बीमारी फैलने की आशंका बनी हुई है। इस संबंध में आसपास के दुकानदारों ने कई बार रेलवे प्रशासन से शिकायत की है, लेकिन सुनवाई नहीं होने समस्या का समाधान नहीं हो रहा।

मैरिज गार्डन अपना सफाई का कचरा लगा देते हैं सामने, लोग होते हैं परेशान

मुरैना| लगुन, फलदान में आयोजित प्रीतिभोज के उपरांत मैरिज गार्डन संचालक गंदगी का निबटान करने की बजाए गार्डन के सामने फैंक रहे हैं। जिसके चलते स्थानीय लोग न केवल दुर्गंध से परेशान हैं, बल्कि मवेशियों का जमावड़ा होने से लोग चोटिल हो रहे हैं। शुक्रवार को नैनागढ़ रोड स्थित बीआर गार्डन, सब्जी मंडी स्थिति चंदनिया गार्डन के सामने गंदगी पसरी होने से स्थानीय लोग दुर्गंध से परेशान थे, वहीं राहगीरों का आवागमन भी बाधित हो रहा था। प्रावधान के मुताबिक मैरिज गार्डन संचालक को विवाह समारोह के बाद गंदगी का उचित निबटान करने का प्रबंध करना चाहिए, लेकिन नगर निगम की अनदेखी के चलते वे मैरिज होम के सामने गंदगी डलवा रहे हैं।

फाटक बाहर मेन रोड पर लग रही सब्जीमंडी, आवागन प्रभावित

मुरैना| फाटक बाहर क्षेत्र में बनाई गई नई सड़क पर जैन मंदिर से अंबाह तिराहे तक सब्जीमंडी संचालित होने से लोगों का आवागमन प्रभावित है। जबकि नगर निगम द्वारा इस क्षेत्र में लगने वाली सब्जी मंडी को शिफ्ट करने सुभाष नगर में चबूतरे बनवा रखे हैं। लेकिन नगर निगम द्वारा निर्धारित स्थान पर सब्जी मंडी शिफ्ट नहीं करने राहगीरों को परेशानी उठानी पड़ रही है, वहीं इस क्षेत्र की ट्रेफिक व्यवस्था बिगड़ रही है। स्थानीय लोगों का कहना है इस क्षेत्र में ट्रेफिक व्यवस्था दुरुस्त रखने के लिए सब्जी मंडी को निर्धारित स्थान पर शिफ्ट करना अत्यंत आवश्यक है।

कृषि उपज मंडी में बर्बाद हो रहा पेयजल

मुरैना| कृषि उपज मंडी कार्यालय के पास निर्मित कराई नवीन पानी की टंकी से सैकड़ों लीटर पानी फिजूल बह रहा है। कारण यह है कि पेयजल व्यवस्था को देख रहे कर्मचारी टंकी भरने के बाद वाटर पंप को बंद नहीं करते तथा टंकी का पानी बहकर आसपास भर जाता है। कई यह पानी बहकर मेन सड़क पर पहुंच जाता है। जिसके चलते वाहनों के आवागमन में परेशानी उत्पन्न हो जाती है। पानी बर्बाद होने का दृश्य कृषि उपज मंडी में तैनात अधिकारी रोजाना देख रहे हैं, बावजूद इसके नवीन पानी की टंकी का रख-रखाव नहीं हो रहा।

स्टेशन रोड पर लगे हैंडपंप खराब पड़े, पानी के परेशान हो रहे राहगीर

मुरैना| स्टेशन रोड स्थित पुलिस थाने के सामने एवं रेलवे स्टेशन के मुख्य द्वारा पर लगे हैंडपंप लंबे समय से खराब पड़े हैं। जिसके चलते राहगीरों को पेयजल के लिए परेशान होना पड़ रहा है। स्थानीय दुकानदारों ने बताया कि जल स्तर गिरने से इन हैंडपंपों का पानी नीचे उतर गया है। ऐसी स्थिति में जब पाइप नहीं बढ़वाए जाएंगे तब तक हैंडपंप से पानी आना संभव नहीं है। कुछ दुकानदारों ने इसकी शिकायत नगर निगम कार्यालय जाकर भी की है, लेकिन कार्रवाई नहीं होने से समस्या का समाधान नहीं हो रहा है।

खबरें और भी हैं...