- Hindi News
- National
- समर्थन मूल्य पर खरीदी के लिए 44 केंद्र बनाए, सिर्फ 10 केंद्रों पर ही हो रही खरीदारी
समर्थन मूल्य पर खरीदी के लिए 44 केंद्र बनाए, सिर्फ 10 केंद्रों पर ही हो रही खरीदारी
जिला प्रशासन की लापरवाही के चलते किसानों को गेहूं व सरसों की फसल कम दामों पर व्यापारियों को बेचना पड़ रही है। समर्थन मूल्य पर गेहूं की खरीद 1 अप्रैल से की जानी थी। इस तिथि को बढ़ाकर 10 अप्रैल कर दिया गया। बावजूद इसके अब तक निर्धारित खरीद केंद्रों पर किसानों का गेहूं व सरसों की खरीद नहीं हो रही है। यहां बता दें कि जिला आपूर्ति विभाग द्वारा किसानों का गेहूं व सरसों खरीदने के लिए जिले भर में 44 खरीद केंद्र स्थापित किए गए हैं। जिनमें केवल अभी तक सिर्फ 10 खरीद केंद्र पर ही गेहूं व सरसों खरीदी जा रही है।
लाखों रुपए का नुकसान उठा रहे किसान
मप्र सरकार द्वारा गेहूं का समर्थन मूल्य 1735 रुपए निर्धारित किया गया है। इसके अलावा मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना के तहत 265 रुपए प्रति क्विंटल बोनस के रूप में किसानों को दिए जाएंगे। इस तरह खरीद केंद्र पर किसानों को गेहूं 2000 रुपए प्रति क्विंटल खरीदा जाना है। जबकि वर्तमान में व्यापारी किसानों का गेहूं 1550 रुपए से 1590 रुपए क्विंटल खरीद रहे हैं। इसी प्रकार सरसों का न्यूनतम समर्थन मूल्य 4000 रुपए निर्धारित है तथा किसान समृद्धि योजना के तहत 100 रुपए अतिरिक्त खाते में जमा कराए जाएंगे। जबकि व्यापारी किसानों की सरसों 3400 रुपए से 3550 रुपए क्विंटल खरीद रहे हैं। इस लिहाज से किसानों का लाखों रुपए का नुकसान उठाना पड़ रहा है।
कृषि उपजमंडी परिसर में वेयर हाउस के अंदर बनाया गया समर्थन मूल्य केन्द्र सूना पड़ा।
44 खरीद केंद्र बनाए गए हैं जिले भर में
जिला आपूर्ति विभाग द्वारा समर्थन मूल्य पर किसानों की फसल खरीदने के लिए जिले भर में 44 केंद्र बनाए गए हैं। जिनमें अंबाह में 18, पोरसा में 05, मुरैना में 13, जौरा में 06, कैलारस में 06 तथा सबलगढ़ में 06 केंद्र निर्धारित किए गए हैं। लेकिन जिला मुख्यालय के साथ अंचल के केंद्रों पर अभी तक किसानों का गेहूं व सरसों की फसल की खरीद नहीं की जा रही है।
कुछ दिनों में हम जिले के सभी केंद्र पर खरीद शुरू कर देंगे
जिले भर में 44 खरीद केंद्र बनाए गए हैं। जिनमें शुक्रवार तक 18 केंद्र पर खरीद शुरू हो चुकी है। शुक्रवार को इन केंद्रों पर 852 मैट्रिक टन गेहूं खरीद गया। जिसमें 338 मैट्रिक टन गेहूं परिवहन किया गया। आगामी कुछ दिनों में हम जिले के सभी केंद्र पर खरीद शुरू कर देंगे। अरुण जैन, जिला प्रबंधक नागरिक आपूर्ति निगम
दोपहर 12 तक बजे सूना पड़ा वेयर हाउस का खरीद केंद्र
मुरैना तहसील क्षेत्र के किसानों का गेहूं व सरसों खरीदने के लिए कृषि उपज मंडी स्थित सेंट्रल वेयर हाउस में खरीद केंद्र निर्धारित किया गया है। शुक्रवार को भास्कर टीम जब इस केंद्र पर पहुंची तो वहां तैनात कर्मचारियों ने बताया कि यहां गुरुवार को ही खरीद केंद्र का बोर्ड लगाया है तथा किसानों की फसल खरीदने की व्यवस्थाएं जुटाई जा रहीं हैं। शुक्रवार को दोपहर 12 बजे तक यहां न कोई किसान गेहूं बेचने आया था और न ही यहां तौल कांटे चालू मिले।
16 केंद्र पर खरीदी का दावा खरीद हो रही 10 केंद्र पर
किसानों का गेहूं व सरसों खरीदने के लिए जिले भर में 44 खरीद केंद्र बनाए गए हैं। लेकिन जिला आपूर्ति विभाग का दावा है कि अभी तक इनमें 16 केंद्रों पर खरीद शुरू हो चुकी है। लेकिन वास्तविकता यह है कि वर्तमान में 10 केंद्रों पर ही किसानों का गेहूं खरीदा जा रहा है। क्योंकि जिला मुख्यालय पर मंडी वेयर हाउस पर भी शुक्रवार को खरीद शुरू नहीं हुई, जबकि जिला नागरिक आपूर्ति अधिकारी द्वारा यहां खरीद करने का दावा किया गया। इस दावे की पोल उस समय खुल गई जब भास्कर द्वारा गेहूं खरीदी की जानकारी मांगी तो वे इसका जवाब नहीं दे पाए।