हाईटेंशन लाइन का जंफर खोल रहे हेल्पर की गिरने के मौत
बिजली कंपनी अधिकारी पर गुस्सा जाहिर करते मृतक के परिजन।
2 बजे की घटना, जिला अस्पताल में लाइनमेन को मृत घोषित किया
भास्कर संवाददाता | मुरैना
शहर के इंडस्ट्रियल एरिया में हाईटेंशन लाइन के जंफर खोल रहा लाइन हेल्पर संतोष सिंह जाटव की शुक्रवार की दोपहर 2 बजे पोल से नीचे गिर पड़ा । लाइन हेल्पर के सिर में गंभीर चोट आने से उसकी मौत हो गई। इस मामले में पार्षद बालकिशन इंदौलिया का आरोप है कि करंट लगने से उसके समधी की मौत हुई है। बिजली कंपनी के दोषी कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार की दोपहर दो बजे इंडस्ट्रियल एरिया स्थित भारत एग्रो की बिजली सप्लाई के लिए लाइन हेल्पर संतोष सिंह जाटव निवासी चौखट्टा का पुरा व सागर चौधरी हाईटेंशन लाइन के जंफर खोल रहे थे। उसी दौरान लाइन हेल्पर संतोष सिंह पोल से नीचे आ गिरा। इस कारण लाइन हेल्पर का सिर फट गया।
उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल लाया गया लेकिन डाक्टर ने संतोष सिंह को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना पाकर सहायक यंत्री आरके चौधरी व अन्य कर्मचारी जिला अस्पताल पहुंचे।
करंट लगने से हुई है मौत
बसपा पार्षद बालकिशन इंदौलिया भी समधी की मौत की सूचना पाकर जिला अस्पताल पहुंचे और विलाप करने लगे। पार्षद इंदौलिया ने आरोप लगाया कि परमिट के दौरान बिजली सप्लाई चालू कर देने से उनके समधी को करंट लग गया जिससे वह पोल से नीचे गिर गए और सिर में चोट आने से उनकी मौत हो गई ।