परिवार लगुन-फलदान लेकर गया चोर समेट ले गए 4.5 लाख का माल
देवरी में घनश्याम के घर से पौने चार लाख रुपए कीमत के जेवर व 75 हजार रुपए नकदी पार
भास्कर संवाददाता | मुरैना
बेटी की शादी से पहले देवरी गांव स्थित घनश्याम दंडोतिया के घर से बदमाश 4.5 लाख रुपए कीमत के जेवरात व नकदी समेट ले गए। देवरी में रहने वाले घनश्याम दंडोतिया की बेटी प्रवेश का विवाह 18 अप्रैल को रावत की अंबाह के रहने वाले बबलू से होना तय हुआ है। गुरुवार की शाम घनश्याम दंडोतिया के परिवार के लोग व रिश्तेदार, लगुन-फलदान लेकर रावत की गए थे। उसी दौरान बदमाश उनके घर में घुस आए और कमरे में रखे सूटकेस को उठाकर ले गए। सूटकेस में रछेड़ से आई प्रियंका की सोने की चार चूड़ी, 11 अंगूठी, सोने के बाला, नाक की लोंग, पायल चांदी व बिछिया समेत नकद 2500 रुपए पार कर दिए। उसी सूटकेस में मनीषा आगरा का बैग रखा था। बैग में रखा सोने का हार, मंगलसूत्र,सोने की तीन अंगूठी व एक जोड़ी बिछिया रखे थे। चोर उन्हें भी उठा ले गए। बदमाशों ने घनश्याम दंडोतिया के घर के बक्से में रखे नकद 65 हजार रुपए भी पार कर दिए। प्रगति नामक किशोरी के 500 रुपए भी ले गए। कुल 11 तोला सोने के जेवरात व 250 ग्राम से अधिक बजनी चांदी के आभूषण चोरी होना बताया गया है।
पेंट में से 7000 रुपए चोरी
घनश्याम दंडोतिया के पड़ौस में रहने वाले नवनीत चंचल दंडोतिया के घर में टंगे पेंट को भी चोर उठाकर ले गए। पेंट में नकद 7000 रुपए रखे थे। खाली पेंट घनश्याम की छत पर पड़ा मिला।