सेंट्रल मप्र ग्रामीण बैंक के मैनेजर पंदरे और दलाल पर दो-दो हजार का इनाम
50-50 हजार का 10 लोगों के नाम फर्जी लोन जारी कर राशि हड़पी
भास्कर संवाददाता | मुरैना
पांच लाख रुपए से अधिक राशि के 11 फर्जी लोन मंजूर करने तथा लोन की राशि का बंदरबांट किए जाने के मामले में नामजद सेंट्रल मध्यप्रदेश ग्रामीण बैंक के शाखा प्रबंधक केबीएस पंदरे समेत दलाल पर पुलिस प्रशासन ने दो-दो हजार रुपए का इनाम घोषित किया है। पुलिस ने रीजनल मैनेजर से पंदरे की संपत्ति संबंधी जानकारी भी मांगी है। ताकि उसे कोर्ट से कुर्क कराने की कार्रवाई को आगे बढ़ाया जा सके।
नूराबाद थाना पुलिस ने सेंट्रल मध्यप्रदेश ग्रामीण बैंक के शाखा प्रबंधक केबीएस पंदरे समेत दलाल इशाक खान व कोमल सिंह के खिलाफ 15 जनवरी को धोखाधड़ी व गबन की धाराओं में आपराधिक प्रकरण दर्ज किया है।
मुकदमा दर्ज होने के बाद से शाखा प्रबंधक ड्यूटी से भाग गया है। पुलिस ने शाखा प्रबंधक समेत दलालों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दीं तो आरोपी कोमल सिंह गिरफ्त में आ गया। पुलिस ने उसे जेल भेज दिया है।
अन्य आरोपियों में शाखा प्रबंधक पंदरे व दलाल इशाक खान 15 जनवरी के बाद से फरार चल रहे हैं क्योंकि कोर्ट ने उनके अग्रिम जमानत के आवेदन खारिज कर दिए हैं। इन दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक ने दो-दो हजार रुपए का इनाम घोषित कर दिया है। इनाम घोषित होने के बाद नूराबाद थाना पुलिस ने बैंक के रीजनल मैनेजर को पत्र लिखकर शाखा प्रबंधक पंदरे की चल-अचल संपत्ति की जानकारी मांगी है।