पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • महिला कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष आज आएंगी

महिला कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष आज आएंगी

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
महिला कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष आज आएंगी

मुरैना | मध्यप्रदेश महिला कांग्रेस इकाई की अध्यक्ष मांडवी चौहान 20 मई को मुरैना आएंगी। प्रदेश महिला कांग्रेस की उपाध्यक्ष शोभा शिवहरे ने बताया कि श्रीमती चौहान सुबह 9 बजे ग्वालियर से कार द्वारा मुरैना पहुंचेंगी। वे यहां होने वाले आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों का जायजा लेंगी। इसके बाद मुरैना टॉकीज के बगल स्थित किड्स स्कूल में महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं की बैठक आयोजित की जाएगी। इस बैठक में चर्चा के बाद श्रीमती मांडवी भिंड के लिए रवाना होंगी। महिला कांग्रेस उपाध्यक्ष शोभा शिवहरे ने पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं से इस बैठक में शामिल होकर उसे सफल बनाएं।

नाली का पानी रोकने से घरों में पहुंच रहा गंदा पानी

मुरैना | नाली का पानी रोके जाने पर कार्रवाई की मांग दिनेशचंद, कृष्णलाल ने एसडीएम से की है। कैंथरी गांव में रहने वाले उक्त ग्रामीणों ने एसडीएम को सौंपी शिकायत में कहा है कि साधू सिंह, नेकराम, रामेश्वर, सुरेश, रमेश, भगवान सिंह, राकेश, रामधन ने नाली का पानी रोक दिया है। कई बार कहने पर भी वह मानने को तैयार नहीं है। जल निकास न होने से गंदा पानी घरों में जमा हो रहा है जिससे बदबू के कारण जीना मुहाल बना हुआ है और गंदे पानी में मच्छर पनप रहे हैं जिससे भीषण गर्मी के इस दौर में संक्रमण फैलने का खतरा भी बना हुआ है। एसडीएम से शिकायत की गई है कि नाली का पानी रोकने वालों पर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

नैनागढ़ रोड पर जमकर हो रही अघोषित बिजली कटौती

मुरैना | नैनागढ़ रोड इलाके में बिजली कटौती जमकर की जा रही है। बिना किसी सूचना के बिजली कटौती कर दी जाती है इस कारण लोगों को परेशान होना पड़ता है। सुबह के अलावा देर रात में भी बिजली कटौती का सिलसिला चलता रहता है। इस कारण लोग पसीने से तर-बतर होते हैं। बिजली जाने का कारण जानने के लिए लोग बिजली कंपनी कार्यालय कॉल करते हैं। लेकिन यहां तैनात कर्मचारी कॉल रिसीव नहीं करते। जब-तब फोन उठाते भी हैं तो केवल यह कहकर कॉल डिसकनेक्ट कर दिया जाता है कि लाइन फॉल्ट के कारण बिजली गई है। लाइट कब तक आएगी इस तरह का कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया जाता। अधिकारियों की इस मनमानी से लोगों को परेशान होना पड़ रहा है।

नेशनल हाईवे खड़े ट्रकों से लगता जाम

मुरैना | नेशनल हाईवे किनारे ट्रक खड़े होने से ट्रैफिक जाम के हालात निर्मित हो रहे हैं। एक दर्जन से अधिक से अधिक ट्रक लाइन लगाकर हाईवे किनारे खड़े हो जाते हैं। बताया जाता है कि धौलपुर में आरटीओ की कार्रवाई से बचने के लिए यह मुरैना जिले की सीमा में खड़े रहकर यह इंतजार करते हैं कि राजस्थान के धौलपुर इलाके से आरटीओ टीम हट जाए। जैसे ही टीम वहां सड़क से हटती यह ट्रक रवाना होने लगते हैं। लेकिन हाईवे किनारे खड़े रहने वाले इन ट्रकों पर मुरैना में कार्रवाई न होने से राहगीरों से परेशान होना पड़ता है। क्योंकि कई बार जाम लग जाता है राहगीर इस जाम में फंसते हैं।

ट्रैफिक सिग्नल सुधारने नहीं हो रहे प्रयास

मुरैना | शहर के चौराहों पर लगे ट्रैफिक सिग्नलों को सुधारने के प्रयास नहीं किए जा रहे। इस कारण ट्रैफिक व्यवस्था बिगड़ रही है। हर चौराहे से वाहन बेतरतीब तरीके से निकलते हैं जिससे हादसे हो रहे हैं। चौराहों पर ट्रैफिक पुलिस के जवान भी तैनात नजर नहीं आते। नगरनिगम ने जब ट्रैफिक सिग्नल लगवाए थे तब ट्रैफिक पुलिस का कहना था कि अब यातायात व्यवस्था सुधर जाएगी। कुछ दिनों ने ट्रैफिक पुलिस के जवान चौराहे पर तैनात रहे और लोगों को सिग्नल के नियमों से चलने के बारे में बताया। स्थिति में कुछ सुधार हुआ लेकिन तब तक यह सिग्नल खराब हो गए। इसके बाद इन सिग्नलों को सुधरवाने के कोई प्रयास नहीं किए जा रहे। इसके कारण ट्रैफिक व्यवस्था ध्वस्त हो गई है।

ओवरब्रिज की रेलिंग नहीं करा रहे दुरुस्त

मुरैना | ओवरब्रिज की टूटी रेलिंग को दुरुस्त नहीं कराया जा रहा । इस कारण हादसे की आंशका बनी हुई है। यह रेलिंग डेढ़ महीने पहले टूट गई थी। अनियंत्रित ट्रैक्टर इस रेलिंग को तोड़ता हुआ हवा में लटक गया था। काफी मशक्कत के बाद ट्रैक्टर को निकाल लिया गया लेकिन रेलिंग को उसी हालत में छोड़ दिया गया है। ओवरब्रिज से होकर दिनभर लोगों का आवागमन होता है। पैदल निकलने वाले राहगीर फुटपाथ पर होकर जाते हैं। रेलिंग न होने से लोगों के नीचे गिरने का खतरा बना रहता है। रेलिंग दुरुस्त कराए जाने की मांग कई बार अधिकारियों से की गई लेकिन अधिकारी इसे दुरुस्त नहीं करा रहे।

सड़क पर बैठ रहे मवेशी, हो रहे हादसे

मुरैना | सड़क पर मवेशियों के विचरण करने से आवागमन बाधित हो रहा है। एमएस रोड सहित शहर की सड़क पर मवेशियों को आराम फरमाते देखा जाता है। सड़क से निकलते समय वाहन कई बार मवेशियों से टकरा जाते हैं जिससे न केवल वाहन क्षतिग्रस्त होता है बल्कि लोग चोटिल होते हैं।

खबरें और भी हैं...