- Hindi News
- National
- माउंटआबू में पार्कों काे सौंदर्यीकरण के लिए दिया जाएगा गोद, प्रस्ताव हुए मंजूर
माउंटआबू में पार्कों काे सौंदर्यीकरण के लिए दिया जाएगा गोद, प्रस्ताव हुए मंजूर
उपखण्ड अधिकारी एवं कार्यवाहक आयुक्त सुरेश ओला की मौजूदगी में माउंटआबू भवन निर्माण एवं अनुज्ञा समिति अध्यक्ष सुनिल आचार्य की अध्यक्षता में नगरपालिका कार्यालय परिसर में हुई। करीब डेढ़ घंटे चली इस बैठक में शहर के विकास एवं समस्याओं को लेकर विचार विमर्श किया गया।
बैठक में नक्की लेक के सौंदर्यीकरण को लेकर करवाए जा रहे कार्य प्रगति से सदस्यों को अवगत करवाया गया। नक्की लेक ओवरफ्लो पर मिट्टी के कटाव को रोकने के लिए सुरक्षा दीवार एवं रिवर स्टोन फिटिंग कार्य करवाने का प्रस्ताव लिया गया। लेक में पहाड़ी की ओर से आने वाले बरसाती पानी से किसी प्रकार का नुकसान नहीं हो इसके लिए रिवानिंग वॉल बनवाने व पौधारोपण करवाने का निर्णय लिया गया। इस दौरान गांधीपार्क में मुख्य मार्ग के समीप लगे ट्रांसफार्मर को लेकर भी चर्चा की गई। सदस्यों का कहना था कि इससे पार्क का सौंदर्यीकरण तो प्रभावित हो ही रहा है साथ में ही हमेशा दुर्घटनाओं का अंदेशा बना रहता है। इसे नक्की लेक के आउटर के पीछे की ओर लगवाने की मांग की गई।
शहर के विभिन्न क्षेत्रों में करवाए जा रहे रोड निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। सदस्यों ने आगामी सीजन शुरु होने से पहले इन कार्यों को प्राथमिकता से पूरा करवाने की मांग की। सदस्यों ने माउंटआबू में कई क्षेत्रों में मुख्य मार्गों के समीप पत्थरों से लोगों को होने वाली परेशानियों की ओर ध्यान आकर्षित किया। इस दौरान उनका कहना था कि इन पत्थरों से आए दिन मार्ग अवरुद्ध होते रहते हैं। समस्या के समाधान के लिए इन रोड़ों को चौड़ा करवाने की जरूरत है। मुख्य मार्ग से नेत्रहीन विद्यालय तक खस्ताहाल सड़क से हो रही परेशानियों को देखते हुए इसका नए सिरे से निर्माण करवाने पर भी सहमति बनी। सदस्यों ने पोलोग्राउंड में फुटबॉल ग्राउंड को लेबल करवाकर घास लगवाने की मांग की। बैठक में सार्वजनिक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता संजीव संचेती, भवन निर्माण एवं अनुज्ञा समिति सदस्य मांगीलाल काबरा, नगरपालिका में प्रतिपक्ष के नेता नारायणसिंह भाटी, श्रीमती राधा राणा, कस्तूरी कंवर, दानसिंह परमार, नगरपालिका एपीपी चंद्रशेखर एवं भूमि शाखा प्रभारी महेन्द्र बंजारा मौजूद रहे।
गांधी वाटिका में मुख्य मार्ग के समीप लगे ट्रांसफार्मर को अन्यत्र शिफ्ट करवाने के बारे में हुई चर्चा, नक्की के सौंदर्यीकरण समेत सड़कों के निर्माण व मरम्मत के लिए गए प्रस्ताव
माउंट आबू. बैठक में चर्चा करते एसडीएम।
बैठक में इन मुद्दों पर भी हुई चर्चा
बैठक में आर्य समाज पार्किंग स्थल को लेकर विचार विमर्श किया गया। सदस्यों ने इसे नए सिरे से विकसित करवाने, मरुधर होटल के पास खुदवाए गए बोरिंग पर सबमर्सिबल पम्प लगवाकर पीने के पानी की टंकी स्थापित करवाने की मांग की गई। भामाशाह सुनिल अग्रवाल, गीता अग्रवाल, बीके हरीश भाई एवं स्वयंसेवी संस्थाओं द्वारा करवाए गए कार्यों के लिए आभार जताया गया। सदस्यों ने उपखण्ड अधिकारी के कार्यकाल में नगरपालिका की ओर से किए गए कार्यों को शहर के विकास में महत्वपूर्ण दौर बताते हुए उन्हें धन्यवाद ज्ञापित किया गया।
माउंटआबू के पार्कों को विकसित करने के लिए मिले प्रस्ताव हुए मंजूर
बैठक में माउंटआबू स्थित पार्कों की स्थिति को लेकर भी चर्चा की गई। सदस्यों का कहना था कि यह पार्क शहर की सौंदर्यता को ओर बढ़ाते हैं लेकिन, लंबे समय से इनका समुचित रखरखाव नहीं हो रहा है। ऐसे में इन्हे विकसित करवाने के लिए योजनाबद्ध तरीके से कार्य करवाया जाना चाहिए। इस दौरान होटल एसोसिएशन की ओर से रावण घाट गार्डन, लायंस इंटरनेशनल की ओर से बुद्धा फाल व कमानी कॉटेज की ओर से सुखाडिय़ा व दयानंद गार्डनों को विकसित करने के लिए प्रस्ताव रखा। चर्चा एवं सदस्यों की सहमति के बाद इन पार्कों को गोद देने का सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया।