पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • इस सीजन में अब तक का सबसे गर्म दिन रहा मंगलवार, 44 डिग्री पर पहुंचा पारा

इस सीजन में अब तक का सबसे गर्म दिन रहा मंगलवार, 44 डिग्री पर पहुंचा पारा

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
सिरोही. मंगलवार को दोपहर में धुंध वाली धूप से शहरवासियों के हाल बेहाल रहे।

सिरोही में 8 घंटे में बढ़ गया 15 डिग्री तापमान

जिला मुख्यालय पर सवेरे सूरज उगते ही गर्मी ने असर दिखाना शुरू दिया है। मौसम की वेबसाइट के अनुसार मंगलवार सवेरे 8 बजे सिरोही का तापमान 29 डिग्री था। 10 बजे 32 डिग्री, दोपहर 12 बजे 38 डिग्री, 2 बजे 43 डिग्री और 4 बजे 44 डिग्री पर पहुंच गया। यानी जिला मुख्यालय पर 8 घंटों में तापमान 15 डिग्री तक बढ़ गया। इसके बाद शाम 6 बजे 41 डिग्री और 8 बजे तापमान 37 डिग्री पर पहुंच गया। शाम तक गर्म हवाएं चलती रही।

यदि ये लक्षण दिखें तो तुरंत अस्पताल पहुंचे

चक्कर आना, तेज सिर दर्द होना, उल्टी और दस्त की शिकायत होने पर तुरंत अस्पताल पहुंचें। सीएमएचओ ने बताया कि तापाघात से बचने के लिए लोग खानपान में दही, छाछ, लस्सी, कच्ची केरी, इमली नींबू का पानी, ताजा फल, सब्जियों आदि का सेवन करें। घर से बाहर निकलने के पहले भरपेट पानी अवश्य पिएं। सूती, ढीले एवं आरामदायक कपड़े पहनें। धूप में निकलते समय अपना सिर ढंककर रखें।

लू तापघात रोगियों के लिए बेड आरक्षित

गर्मी के असर को देखते हुए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद पर दो बेड, सीएचसी और जिला अस्पताल पर पांच बेड लू तापाघात रोगियों के लिए आरक्षित कर दिए गए हैं। रेपिड रिस्पॉन्स टीमों का भी गठन कर दिया गया है। सीएमएचओ डॉ. सुशील परमार ने बताया कि प्रत्येक पीएचसी-सीएचसी पर एक-एक रेपिड रिस्पॉन्स टीम का गठन कर दिया गया है। वार्डों में कूलर और पंखों की व्यवस्था कर दी गई है।



मरीजों के उपचार के लिए आपातकालीन किट में ओआरएसए ड्रिप सेट, जीएनएस/जीडी डब्ल्यू/ रिगरलेक्टेड (आरएल) फ्लूड और आवश्यक दवाइयों की उपलब्धता सुनिश्चित कर दी है।

ऐसा रहा सिरोही का मौसम

44 डिग्री अधिक. तापमान

29 डिग्री न्यूनतम तापमान

18 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से हवा

33 प्रतिशत छाए रहे बादल

7 दिन में बढ़ा 4 डिग्री पारा

दिनांक अधिकतम न्यूनतम

09 मई 40 29

10 मई 43 29

11 मई 42 28

12 मई 43 29

13 मई 43 29

14 मई 42 30

15 मई 44 29

(नोट: तापमान डिग्री सेल्सियस में)

इसलिए हुआ ऐसा

पश्चिमी विक्षोभ के कारण पखवाड़ेभर में प्रदेश के मौसम में जबर्दस्त उतार-चढ़ाव रहा है और पश्चिमी जिलों में पाकिस्तान की तरफ से आने वाली हवाएं प्रभावी हो गई है। पश्चिम से आ रही गर्म हवाओं के कारण तापमान में बढ़ रहा है। मंगलवार को आसमान धुंधला रहा। धुंध वाली धूप ने शहरवासियों को सताया।

खबरें और भी हैं...