दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई हो : रंधावा
भास्कर संवाददाता | मुकेरियां
रेडक्रॉस वेलफेयर सोसायटी ने प्रधानमंत्री के नाम एक ज्ञापन उपमंडल अधिकारी के द्वारा भेजा गया। इस संबंधी सोसायटी की सदस्य चंचल नारंग व रविन्द्र कौर रंधावा ने बताया कि बहुत दुख की बात है कि आज देश में महिलाएं व छोटी-छोटी लड़कियां कही भी सुरक्षित नहीं है।
आए दिन देश के किसी न किसी हिस्से में लड़कियों के साथ दुर्वय्वहार हो रहा है तथा उनकी हत्याएं की जा रही है। जो बहुत ही शर्म की बात है। गत दिनों कठुआ व उन्नाव कांड से देश को शर्मसार कर दिया है। जिस कारण लोगों में भारी गुस्सा है। इसीको लेकर सोसायटी ने एक ज्ञापन पीएम मोदी के नाम उपमंडल अधिकारी हरचरण सिंह को दिया, जिसमें मांग की गई कि सरकार उक्त मामले का संज्ञान लेकर दोषियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई कर उन्हें सजा दिलवाए, ताकि भविष्य में कोई भी ऐसे जघन्य अपराध करने से पहले सोचे।
उन्होंने कहा कि दुख की बात है कि कुछ लोग ऐसे गंभीर मामलों पर भी अपनी राजनीतिक रोटियां सेंकने से बाज नहीं आते। कठुआ में हुई घटना किसी समुदाय विशेष के साथ नहीं घटी बल्कि मृत्क बच्ची भारत की बेटी थी। उप मंडल अधिकारी हरचरण सिंह ने कहा कि सोसायटी के सदस्यों द्वारा दिए ज्ञापन को आगे भेज दिया जाएगा। इस मौके पूजा खुल्लर, राजबीर कौर, रविन्द्र कौर, संतोष अग्रवाल व अन्य सदस्य भी मौजूद थी।
उपमंडल अधिकारी हरचरण सिंह को ज्ञापन देते सोसायटी की सदस्य। -भास्कर