जरूरतमंद परिवार को आरईआरसी संघ ने दिया राशन व आर्थिक मदद
मुकेरियां | आरईआरसी संघ ने अपनी योजना साथी हाथ बढ़ाना के तहत एक जरूरतमंद परिवार को आर्थिक योगदान दिया। संघ प्रवक्ता ठाकुर विक्रम सिंह ने बताया कि इस परिवार में एक 80 साल की बुजुर्ग विधवा अपनी 45 साल की विधवा बहु और 13 व 11 साल की 2 पोतियों के साथ रहती है। उनकी कोई जायदाद या कमाई का साधन नहीं है। बच्चियां सरकारी स्कूल में 8वीं तथा 6वीं कक्षा में पढ़ती हैं। बहू पैर से अपंग है। विधवा बुजुर्ग महिला की नाममात्र पेंशन से गुजारा हो रहा है। घर के ऊपर टीन की छत है। संघ संस्थापक विजय राणा ने कहा कि संघ की तरफ से परिवार को 2 महीने का राशन तथा कुछ नकद सहायता दी गई है लेकिन घर की हालत सुधारने की भी जरूरत है। उन्होंने सरकार से गुजारिश की है कि उस जरूरतमंद परिवार की मदद की जाए। यहां अंकुश ठाकुर, भारती राणा, ठाकुर अजय, राजू ठाकुर, डिम्पी ठाकुर मौजूद थे।