बंद रास्ते को खुलवाने सत्तापक्ष की पार्षद व पति पालिका में धरने पर बैठे
मुकुंदगढ़. पालिका में धरने पर बैठे पार्षद, पति व अन्य।
मुकुंदगढ़ | वार्ड 16 में कथित रूप से अतिक्रमण कर बंद किए रास्ते को खुलवाने की मांग को लेकर सत्तापक्ष की पार्षद व उनके पति नगरपालिका में मोहल्लेवासियों के साथ बुधवार को धरने पर बैठ गए। वार्ड 15 की पार्षद सरोज, पार्षद पति एडवोकेट सुरेंद्र बेरवाल मोहल्ले के कैलाश, विद्याधर, सत्यपाल बेरवाल, राजु बालान, अनिल भूकल, दीपक सहित महिलाएं नगरपालिका में धरने पर बैठ गई। एडवोकेट सुरेंद्र बेरवाल ने आरोप लगाया कि वार्ड 16 में पिछले दो साल से रास्ता बंद है। कुछ लोगों ने रास्ते में कचरा, खाद, पत्थर व पेड़ डालकर रास्ता बंद कर दिया। समस्या को लेकर कई दफा नगरपालिका प्रशासन व एसडीएम को भी अवगत करा दिया बावजूद पालिका चहेतों के फायदे के लिए कार्रवाई नहीं कर रही। नाराज लोग बुधवार सुबह धरने पर बैठ गए। शाम को कांग्रेस प्रवक्ता सुरेश चौधरी नगरपालिका पहुंचे और धरनार्थियों व पालिका ईओ से वार्ता की। गुरुवार दोपहर तक रास्ते को दुरुस्त कर देने के आश्वासन पर धरना उठा लिया गया। ईओ सुमित वर्मा ने बताया कि मौका देखा था, कोई अतिक्रमण नहीं है। आम रास्ता है, कचरा डाला हुआ है। सफाई कराकर रास्ता दुरुस्त कर दिया जाएगा। चेयरमैन सत्यनारायण सैनी का कहना है कि बेवजह मामले को तूल दिया जा रहा है। वार्ड में कहीं भी अतिक्रमण नहीं है।