फर्जी बयाना कर साढ़े 6 लाख की ठगी मारने पर एक पर केस
जमीन के असली मालिक की जगह पर अन्य व्यक्ति खड़ा कर किया बयाना
मुल्लांपुर दाखा| थाना दाखा की पुलिस ने फर्जी बयाने करके लाखों रुपए की ठगी मारने के आरोप में एक व्यक्ति के खिलाफ केस दर्ज कर अगली कार्रवाई शुरू कर दी है। थाना दाखा के इंस्पेक्टर विक्रमजीत सिंह ने बताया कि पुलिस के उच्च अधिकारियों को दी शिकायत में सेफ अली निवासी जैनपुर ने बताया कि वह भैंसों का व्यापारी है। उसने अपना डेरा बनाने के लिए ज़मीन खरीदनी थी तो उसकी मुलाकात संत सिंह निवासी गांव मलकपुर ने जगतार सिंह पुत्र संतराम निवासी दाखा के साथ करवाई और जगतार सिंह ने उसे जो ज़मीन दिखाई वह सिधवां नहर के किनारे थीम और उसने खरीदने के लिए हां भर दी। फिर जगतार सिंह ने उक्त ज़मीन के मालिक के तौर पर सुरजीत सिंह पुत्र सोहण सिंह निवासी राजोआना कलां के साथ 9 कनाल 4 मरले का सौदा साढ़े 8 लाख रुपए करवाके बयाने के रूप में ढाई लाख रुपए नकद दिला दिए और दूसरी ज़मीन 9 कनाल 7 मरले का सौदा प्रीतम सिंह पुत्र काका सिंह निवासी महल खुर्द जिला संगरूर के साथ 8 लाख रुपए में तय करके 4 लाख बयाने के दे दिए। जब इन दोनों जमीनों की रजिस्ट्री न होने पर सेफ अली तहसीलदार के पास हाजिरी लगवाने गया तो उसे पता चला कि बयाने तो जाली हैं। विक्रमजीत सिंह अनुसार जब प्रीतम सिंह पुत्र काका सिंह निवासी महल खुर्द को बुलाया गया तो बयाने पर उस का जाली अंगूठा लगाया गया है जबकि वह तो पंजाबी में अपने दस्तखत करता है और जब दूसरे व्यक्ति सुरजीत सिंह को पुलिस ने तफ्तीश में शामिल होने के लिए बुलाया तो पता लगा कि सुरजीत सिंह की तो मौत हो चुकी है। इस तरह जगतार सिंह ने प्रीतम सिंह और सुरजीत सिंह की जगह पर कोई ओर व्यक्ति खड़े करके सेफ अली के साथ साढ़े 6 लाख रुपए की ठगी मारी है। पुलिस ने साढ़े 6 लाख की ठगी मारने के आरोप में जगतार सिंह पुत्र संतराम निवासी गांव दाखा खिलाफ धारा 419, 420, 467, 468, 471, 120 बी आईपीसी के अंतर्गत केस दर्ज करके कार्रवाई शुरू कर दी है।