- Hindi News
- National
- जलस्तर बढ़ाने में जुटे युवा, नालों में रोकेंगे पानी हर घर में बनाएंगे वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम
जलस्तर बढ़ाने में जुटे युवा, नालों में रोकेंगे पानी हर घर में बनाएंगे वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम
बिरूल बाजार के ग्रामीण जल संकट से जूझ रहे हैं। भूमिगत जल स्तर तेजी से नीचे जा रहा है। गांव के पढ़े लिखे युवाओं ने इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए जल स्तर बढ़ाने की योजना बनाई है। योजना के तहत युवाओं ने काम भी शुरू कर दिया है। इस कार्य में ग्रामीण भी पूरा सहयोग कर रहे हैं।
युवाओं ने जल स्तर बढ़ाने के लिए बनाई योजना की जानकारी विधायक चंद्रशेखर देशमुख और कलेक्टर शशांक मिश्र को देते हुए सहयोग भी मांगा। 6 हजार की जनसंख्या वाले बिरूल बाजार में ट्यूबवेल और हैंडपंप सूखने से जल संकट गहरा गया है। समस्या के समाधान के लिए गांव के युवाओं ने जल संचयन समिति बनाई है। समिति के अमित कनेरे, सुबोध महेंद्रे, रमेश सोनी, कमलेश कनेरे, भूपेश सोनी, श्याम डढारे, मिलन बनाईत, श्याम बनकर, सोनू सातपुते ने बताया भूमिगत जल स्तर 700 से 800 फीट नीचे चला गया है। जल स्तर बढ़ाने के लिए समिति के सदस्यों ने सर्वे किया। गांव के आसपास स्थित नालों को जगह-जगह गहरा करने और पानी रोकने, गांव में स्थित 2200 घरों से निकलने वाले पानी को वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम के माध्यम से जमीन के अंदर भेजने की योजना तैयार की। इसके बाद ग्रामीणों को इसकी जानकारी दी। ग्रामीणों ने इस कार्य में तन, मन और धन से सहयोग करने का आश्वासन दिया है। समिति के सदस्यों ने बताया योजना के संबंध में कलेक्टर और विधायक को भी जानकारी दी है। विधायक ने क्षेत्र के प्रत्येक गांव में जल संचयन समिति का गठन करने और कलेक्टर ने समिति को सहयोग करते हुए इंजीनियर नियुक्त करने का आश्वासन दिया।
मुलताई। बिरूल बाजार के युवाओं ने जल स्तर बढ़ाने के लिए बनाई योजना की कलेक्टर को दी जानकारी।