मंडी की आय 2.16 करोड़ हुई किसानों की समस्या होगी हल
मुलताई। मंडी सचिव सदस्यों को मंडी की आय बनाने की जानकारी देते हुए।
भास्कर संवाददाता | मुलताई
कृषि उपज मंडी की आय में इस साल 34 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है। पिछले साल मंडी की आय 1.76 करोड़ थी। इस साल बढ़कर 2.16 करोड़ हो गई है।
आय बढ़ने से मंडी परिसर में अब किसानों की समस्या के समाधान के लिए कार्य किए जाएंगे। 8 साल बाद आय में बढ़ोतरी होने पर मंडी अध्यक्ष श्यामरती बाई, सदस्य नरेंद्र साहू, बुधसिंह राठौर सहित अन्य सदस्यों और मप्र राज्य कृषि विपणन बोर्ड ने भी मंडी सचिव हरेंद्र सिंह राठौर को सम्मानित करते हुए प्रशंसा पत्र दिया।
ऐसे बढ़ाई मंडी की आय
हरेंद्रसिंह राठौर ने बताया मंडी सदस्यों और कर्मचारियों के सहयोग से मंडी की आय बढ़ाने के लिए निरंतर काम किए। आय में बढ़ोतरी के लिए आमला उपमंडी को सुचारू रूप से चलाया। समर्थन मूल्य और भावांतर योजना के तहत बोरदेही में मक्के की खरीदी शुरू की। मंडी के बाहर खरीदी बंद कराई। जिससे किसान अपनी उपज लेकर सीधे मंडी पहुंचने लगे। व्यापारियों के गोदामों का निरीक्षण कर स्टॉक से अधिक अनाज पाए जाने पर 1.10 लाख रुपए से अधिक का जुर्माना वसूला। मंडी टैक्स अदा किए बिना अनाज का परिवहन करने वालों से वाहनों से जुर्माना वसूला।
किसानों को यह मिलेगा फायदा
मंडी सदस्य नरेंद्र साहू, बुद्धसिंह राजपूत ने बताया मंडी में आय बढ़ने से किसानों को मंडी परिसर में होने वाली परेशानियों को दूर किया जाएगा। इस राशि से मंडी में ट्यूबवेल खनन किया जाएगा।