चाचा और समधी को पिकअप ने मारी टक्कर, मौके पर ही मौत
छिंदवाड़ा हाईवे में सोनेगांव जोड़ पर हुआ हादसा
भास्कर संवाददाता | मुलताई
भतीजी की शादी के लिए बैंक से रुपए निकालने जा रहे बाइक सवार चाचा सहित समधी की पिकअप की टक्कर से मौत हो गई। दुर्घटना छिंदवाड़ा नेशनल हाईवे पर ग्राम सोनेगांव जोड़ के पास बुधवार सुबह 10 बजे हुई। दुनावा चौकी प्रभारी प्रशांत पाल के मुताबिक बुआलखापा निवासी गवल पिता लक्खू कुमरे (50) अपने समधी सुम्मकलाल पिता विक्रम कवड़ेती (50) निवासी बुआलखापा के साथ बाइक से ग्राम दुनावा के पंजाब नेशनल बैंक से रुपए निकालने जा रहे थे। सुम्मकलाल सोनेगांव जोड़ से बाइक लेकर छिंदवाड़ा हाईवे पर पहुंचा था तभी ग्राम दुनावा की ओर से आ रही अज्ञात पिकअप ने बाइक को टक्कर मार दी। बाइक पर सवार गवल और सुम्मकलाल दूर जा गिरे। सोनेगांव बस स्टाप पर खड़े ग्रामीण बचाने के लिए दौड़े तब तक चालक पिकअप लेकर भाग गया। सूचना पर 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची। एंबुलेंस के ईएमटी दुर्गेश पवार ने गवल और सुम्मकलाल की जांच कर दोनों को मृत घोषित कर दिया। ईएमटी दुर्गेश पवार ने बताया दोनों मृतकों के सिर में गंभीर चोट आने से मौके पर ही मौत को गई थी। चौकी प्रभारी प्रशांत पाल ने बताया दोनों मृतक के पास से बैंक पासबुक मिली थी जिसके आधार पर दोनों की पहचान हुई। मृतक गवल के पुत्र की सूचना पर पुलिस ने मर्ग कायम किया है।
आज था मृतक की भतीजी की शादी का मंडप
मृतक गवल के छोटे भाई तुलसीराम की पुत्री सुलोचना की शादी का बुधवार को मंडप का कार्यक्रम था। तुलसीराम ने बताया घर पर सुबह मंडप की तैयारियां चल रहीं थीं। बारात सालईढाना से आने वाली थी। गवल घर पर बैंक से रुपए निकालने का कहकर दुनावा गया था। सुबह साढ़े दस बजे भाई की एक्सीडेंट में मौत होने की सूचना मिली तो मंडप का कार्यक्रम रोककर मुलताई अस्पताल आए। पुलिस ने दोनों शव का पीएम कराकर परिजनों को सौंप दिए।