आग से 12 बकरियां, 6 मुर्गियां सहित घर का पूरा सामान जला
सारनी। शोभापुर में आग से गरीब किसान का पूरा मकान खाक हो गया।
भास्कर संवाददाता | सारनी
शोभापुर में दोपहर खेतों से फैलकर आग गांव तक पहुंच गई। इससे एक आदिवासी किसान का घर जलकर खाक हो गया। इसके अलावा 12 बकरियां और 6 मुर्गियां जिंदा जल गईं। घटना में करीब 3 लाख रुपए का नुकसान हुआ है। जिस घर में आग लगी वहां 15 दिन बाद बेटे की शादी होने वाली थी।
शादी की तैयारियों का सामान भी खाक हो गया। शोभापुर के अशोक भरोसे तथा पीड़िता शम्मो बाई ने बताया लगभग डेढ़ किलोमीटर दूर से खेत में मौजूद मेढ़ के सहारे आग फैलते-फैलते दोपहर 3 बजे केमकान तक पहुंच गई। लपटें काफी तेज थीं। पाथाखेड़ा के फायर स्टेशन पर सूचना देकर नगर पालिका की दो दमकलों को बुलाकर आग पर काबू पाने के प्रयास किए। किसान दिलीप धुर्वे ने बताया उसका विवाह 15 दिन बाद होना तय था। इसके लिए उसने लगभग चालीस हजार के जेवर, चालीस हजार रुपए नकद अपने घर में जमा कर रखे थे। आग लगने से यह पूरी चीजें खाक हो गईं। वहीं घर में मौजूद 12 बकरियां सहित 6 मुर्गियां भी जल गईं। मिली जानकारी के अनुसार दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
आग से थ्रेसर भूसा जला
मुलताई| ग्राम तावला के किसान रामदास बारपेटे के खेत में स्थित खलिहान में आग लग गई। आग से खलिहान में रखी थ्रेसर और भूसा जलकर राख हो गए। आग की चपेट में आने से खलिहान में रखा भूसा, लकड़ी, कड़बा जल गया। फायर बिग्रेड ने खेत में पहुंचकर आग बुझाई।