पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • चना बेचने आए किसान, शाम तक खरीदी न होने पर किया हंगामा

चना बेचने आए किसान, शाम तक खरीदी न होने पर किया हंगामा

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
मुलताई। शाम तक चने की खरीदी नहीं होने पर हंगामा करते किसान।

भास्कर संवाददाता | मुलताई

कृषि उपज मंडी में प्राथमिक सहकारी समिति परमंडल और मालेगांव समिति समर्थन मूल्य पर चने की खरीदी कर रही है। समर्थन मूल्य पर चना बेचने के लिए मुलताई, प्रभातपट्टन और आमला ब्लॉक के किसान पहुंच रहे हैं। मंगलवार को सुबह 10 बजे से चना बेचने के लिए किसान केंद्र पर पहुंचने लगे थे।

दोपहर 3 बजे तक चने की गुणवत्ता की जांच के लिए सर्वेयर नहीं पहुंचा। जिससे किसान आक्रोशित हो गए और हंगामा करना शुरू कर दिया। हंगामे की सूचना मिलने पर विधायक प्रतिनिधि चिंटू खन्ना मंडी पहुंचे। किसानों ने विधायक प्रतिनिधि को अपनी समस्या से अवगत कराया। खन्ना ने सर्वेयर के नहीं आने से किसानों को चना बेचने में हो रही परेशानी से एसडीएम राजेश शाह को अवगत कराया। शाम 4.30 बजे तक सर्वेयर नहीं पहुंचने से चना की खरीदी शुरू नहीं हो पाई। ग्राम नांदकुड़ी के किसान सुदामा खाकरे, गंगापुर के राजेंद्र अवारे, ताईखेड़ा के फाटू बोरबन, तिवरखेड़ के कन्हैयालाल साहू आदि ने बताया सुबह 11 बजे मंडी के शेड में चना बेचने के लिए रख दिया था। समिति प्रबंधक ने बताया दोपहर तक सर्वेयर आकर चने की जांच कर लेंगे। इसके बाद खरीदी की जाएगी। सर्वेयर का इंतजार करते हुए साढ़े चार बज गए लेकिन अभी तक खरीदी शुरू नहीं हुई है। जिससे इस गर्मी में चने की रखवाली करने के लिए टीन शेड के नीचे बैठकर सर्वेयर का इंतजार करना पड़ रहा है।

जांच की बाद ही होगी खरीदी

समर्थन मूल्य पर चना, मसूर और सरसो की खरीदी होना है। खरीदी के पहले स्टॉर एग्रीकल्चर वेयर हाउस सिस्टम द्वारा नियुक्त क्वालिटी टेस्टिंग सर्वेयर जांच करता है। नमी, कचरा, मिट्टी और घुन नहीं लगा होने पर खरीदी की अनुमति दी जाती है। इसके बाद समिति खरीदी करती है। परमंडल समिति के सहायक प्रबंधक देवीदास नरवरे और मालेगांव समिति के श्रीराम साबले ने बताया सर्वेयर के नहीं आने से खरीदी नहीं हो पाई।

खबरें और भी हैं...