- Hindi News
- National
- व्यापारी ने 3 गांव के किसानों से खरीदा अनाज, 10.25 लाख का भुगतान किए बिना भागा
व्यापारी ने 3 गांव के किसानों से खरीदा अनाज, 10.25 लाख का भुगतान किए बिना भागा
मुलताई। भुगतान नहीं मिलने से परेशान किसान शिकायत करने थाने पहुंचे
किसानों ने थाने में शिकायत कर व्यापारी से राशि दिलाने की मांग की
भास्कर संवाददाता| मुलताई
क्षेत्र के तीन गांवों के किसानों ने एक अनाज व्यापारी को मक्का और गेहूं बेचा था। व्यापारी ने खरीदे गए अनाज के एवज में किसानों को चेक दिए थे। किसान राशि के लिए चेक लेकर बैंक पहुंचे तो पता चला व्यापारी के खाते में राशि नहीं है। इसके बाद किसानों ने व्यापारी से संपर्क करने का प्रयास किया तो पता चला व्यापारी क्षेत्र से भाग गया है। इस स्थिति में किसानों ने पुलिस को आवेदन देकर व्यापारी के खिलाफ कार्रवाई कर राशि दिलाने की मांग की।
धारनी निवासी किसान सावन्या बारपेठे, शिशुपाल बारपेठे, भुजबल पटैया, प्रेमलाल चौहान, सिरसावाड़ी निवासी श्रवण चौहान, वासुदेव गीद, ताईखेड़ा निवासी तुकाराम सूर्यवंशी, देवेंद्र सूर्यवंशी ने बताया व्यापारी संतोष राय ने दिसंबर 2017 में उनसे 1 हजार रुपए प्रति क्विंटल की दर से 700 क्विंटल मक्का और 1750 रुपए प्रति क्विंटल के हिसाब से 200 क्विंटल गेहूं खरीदा था। व्यापारी ने भुगतान के एवज में मई 2018 की तारीख का चेक दिया था। बैंक खाते में चेक जमा किया तो पता चला व्यापारी के खाते में राशि नहीं है। इसके बाद संतोष राय के घर पर पहुंचे तो वह नहीं मिला। मोबाइल से भी संपर्क नहीं हो रहा है। किसानों ने संतोष राय पर राशि हड़पने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की। ताईखेड़ा निवासी किसान युवराज सूर्यवंशी ने एक दूसरे अनाज व्यापारी लोकेश कालभोर पर मक्का के एवज में एक लाख रुपए का भुगतान नहीं देने का आरोप लगाया है। युवराज ने भी थाने में शिकायत की। किसानों का कहना है दोनों व्यापारियों ने अन्य गांवों के किसानों से भी अनाज खरीदा है लेकिन भुगतान नहीं दिया है।