किसानों ने समिति प्रबंधक पर लगाया मारपीट कर गेहूं नहीं खरीदने का आरोप
मुलताई| ग्राम खल्ला के किसानों ने दुनावा के सहकारी समिति के शाखा प्रबंधक सहित अन्य कर्मचारियों पर मारपीट करने और समर्थन मूल्य पर गेहूं नहीं खरीदने का आरोप लगाया है। किसानों ने कलेक्टर और एसपी से शिकायत कर कार्रवाई करने की मांग की। किसान मगनलाल सूर्यवंशी, दीपक सूर्यवंशी सहित अन्य किसानों ने बताया 20 मई को वह गेहूं बेचने के लिए दुनावा केंद्र पर गए थे। केंद्र पर किसानों के गेहूं की तुलाई की जा रही थी। जिसके चलते किसान उनका नंबर आने का इंतजार करते रहे। शाम को समिति के प्रबंधक सुरेश पवार, कंप्यूटर ऑपरेटर रूपेश पवार, सेल्समेन भरत पवार ने गेहूं खरीदने से इनकार कर दिया। इस संबंध में प्रबंधक से जानकारी लेने पहुंचे तो वह भड़क गए। इस दौरान प्रबंधक और अन्य कर्मचारियों ने दीपक के साथ मारपीट शुरू कर दी। जिससे दीपक को चोट आईं हैं। प्रबंधक सुरेश पवार ने बताया किसी के साथ मारपीट नहीं हुई है। कुछ किसान रात में केंद्र पर पहुंचे और उनके साथ अभद्रता करने लगे थे।